महासमुन्द

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 4 सितंबर। शहर की अव्यवस्थित यातायात से नागरिक प्रतिदिन सामना करते हैं। नेहरू चौक, आंबेडकर चौक,ओवरब्रिज ढलान, बरोंडा चौक, कचहरी चौक सहित एनएच.353 में अव्यवस्थित यातायात का नजारा प्रतिदिन देखने को मिलता है। कल पुन: यातायात ठप्प रहा। शहर में एनएचएम कर्मचारियों द्वारा निकाली गई मशाल रैली के दौरान यातायात प्रभावित रहा। रैली के दौरान कल शाम 5 बजे से 7 बजे तक पूरी यातायात व्यवस्था ही ध्वस्त हो गई।
स्थानीय लोहिया चौक से शाम 5 बजे आयोजित एनएचएम कर्मचारियों की मशाल रैली के कारण एनएच.353 में यातायात पूरी तरह बाधित रहा। लोग घंटों सडक़ पर परेशान होते रहे। चार पहिया वाहनों को अन्य रास्तों से गंतव्य की ओर जाना पड़ा। वहीं अनेक वाहन चालकों ने उचित स्थान देखकर वाहन खड़ी कर दुपहिया से गंतव्य की ओर रवाना हुए। इस दौरान यातायात पुलिस की अव्यवस्था पर लोग आक्रोश व्यक्त कर रहे थे।
नागरिकों का कहना था कि कर्मचारियों रैली को पुलिस द्वारा व्यवस्थित करना था। सडक़ के किनारे रैली निकालना था, लेकिन कर्मचारियों द्वारा सडक़ को पूरी तरह घेरकर चलने से राहगीरों को घंटों परेशानियों का सामना करना पड़ा। कल शहर में यातायात का दबाव मशाल रैली के दौरान इतना बढ़ा कि वाहनों को उनके पीछे-पीछे चलना पड़ा। पूरे सडक़ को घेरकर एनएचएम कर्मचारी चल रहे थे। इस दौरान यातायात पुलिस द्वारा किसी प्रकार रैली को व्यवस्थित नहीं किए जाने से जाम की स्थिति निर्मित हो गई।
उल्लेखनीय है कि नियमितीकरण सहित विभिन्न मांगों को लेकर कर्मचारियों द्वारा लगभग 20 दिन से लोहिया चौक में धरना दिया जा रहा है। प्रतिदिन विभिन्न माध्यमों से वे अपनी मांगों की ओर शासन का ध्यान आकर्षित कराते हैं। इसी कड़ी में वे कल मशाल रैली निकालकर मांगे पूरी करने की मांग कर रहे थे। एक दिन पूर्व ही कर्मचारियों ने अखबारों के माध्यम से इसकी जानकारी भी दे दी थी। लेकिन पुलिस प्रशासन द्वारा इसे गंभीरता से नहीं लिया गया।