महासमुन्द

प्राथमिक शाला मुक्तिडीपा का एलबी शिक्षक लम्बी अवधि से गायब, वेतन बराबर मिल रहा, दोषियों के खिलाफ जांच प्रतिवेदन
21-Apr-2025 3:37 PM
 प्राथमिक शाला मुक्तिडीपा का एलबी शिक्षक लम्बी अवधि से गायब, वेतन बराबर मिल रहा, दोषियों के खिलाफ जांच प्रतिवेदन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 21 अप्रैल। बीईओ पिथौरा के अधीनस्थ शासकीय प्राथमिक शाला मुक्तिडीपा में पदस्थ एलबी शिक्षक नारायण किशोर पाणी लम्बी अवधि से गायब हैं। अनुपस्थिति अवधि में भी इस शिक्षक को वेतन भुगतान हुआ है। हालांकि उनकी अनुपस्थिति की सूचना बीईओ पिथौरा ने उच्च कार्यालय से छुपा कर रखा। फिर भी इस बात की शिकायत मंत्रालय स्तर पर गई तो शिकायत की जांच भी संभागीय संयुक्त संचालक ने की। जांच उपरान्त कमलेश ठाकुर बीईओ पिथौरा, कार्यालयीन वित्त प्रभारी लिपिक सहित दोषियों के विरूद्व कार्रवाई हेतु अनुशंसा कर संभागीय संयुक्त संचालक ने जांच प्रतिवेदन स्कूल शिक्षा विभाग को भेज दिया है।

 

आरटीआई के तहत जानकारी लेकर शिकायत कर्ता विनोद कुमार दास ने सिद्वार्थ कोमल परदेशी आईएएस प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा विभाग को 6 अगस्त 2024 को लिखित शिकायत किया। जिसमें संभागीय संयुक्त संचालक ने 14 अगस्त 2024 को जांच दल नियुक्त किया।

जांचकर्ता अधिकारी अजीत सिंह जाट सहायक संचालक एवं रमेश देवागंन वरिष्ठ लेखा परीक्षक ने बीईओ, संबंधित लिपिक, संकुल समन्वयक, प्रधानपाठक की उपस्थिति में सभी का बयान दर्ज करके जांच की तो शिकायत सही मिली। शिकायत पत्र में बताया गया है कि नारायण किशोर पाणी 25 जून 2022 से बगैर सूचना दिये स्कूल से नदारत है। इसकी सूचना कमलेश ठाकुर बीईओ पिथौरा ने डीईओ कार्यालय महासमुंद को 23 मई 2023 को दिया है। बीईओ पिथौरा ने इतने लम्बी अवधि तक शिक्षक की उपस्थिति की जानकारी छुपाकर किस प्रयोजन से रखा, यह गंभीर चर्चा का विषय बना हुआ है। इस शिक्षक के स्कूल से बगैर सूचना दिये  अनुपस्थित रहने की पूर्ण जानकारी होने के बाबजूद बीईओ पिथौरा ने श्रीपाणी को ना कभी नोटिस जारी किया, ना ही कभी जबाब मांगा, ना कभी

औचक निरीक्षण किया। बगैर उपस्थिति पत्रक के भी वेतन भुगतान किये जाने की बात सामने आई है। इससे पूर्व भी नारायण किशोर पाणी शिक्षक कई महिने से गायब था। बीच-बीच में स्कूल पंहुच कर बीईओ की मौखिक आदेश से ज्वाइन करता था। जिसकी पुष्टि तत्कालीन प्रधानपाठक ने जांच दौरान की है।

संभागीय संयुक्त संचालक राकेश पाण्डेय ने कहा कि इस शिकायत प्रकरण की जांच करवाई गई है। जांच में शिकायत सही मिली। बीईओ  पिथौरा व वित्त प्रभारी लिपिक सहित दोषियों के विरूद्ध अग्रिम कर्रवाई के लिए अनुशंसा करके शासन स्तर में स्कूल शिक्षा विभाग में जांच प्रतिवेदन  प्रस्तुत कर दिया हूं।


अन्य पोस्ट