महासमुन्द

पंचायत सचिवों पर दबाव डालने पूरी व्यवस्था बिगाड़ रही भाजपा-विनोद चंद्राकर
14-Apr-2025 3:20 PM
पंचायत सचिवों पर दबाव डालने पूरी व्यवस्था बिगाड़ रही भाजपा-विनोद चंद्राकर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,14अप्रैल। पूर्व संसदीय सचिव व महासमुंद के पूर्व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने सरकार द्वारा पंचायत सचिवों पर अनावश्यक दबाव डालने उनके कार्यों का प्रभार अन्य कर्मचारियों को देने की निंदा की है।  श्री चंद्राकर ने जारी विज्ञप्ति में कहा कि पंचायत सचिवों के कार्यों का प्रभार जनपद के करारोपण अधिकारियों, कृषि विस्तार अधिकारियों सहित रोजगार सहायकों को दिया जा रहा है। इन कर्मचारियों के पास पहले से अपने विभाग से संबंधित कामोंं की अधिकता है। ऐसे में मैदानी कर्मियों पर काम का बोझ बढ़ेगा तथा उनके संबंधित विभाग के कार्य भी अटक जाएंगे। जिससे आम जनता की परेशानी और बढ़ेगी।

 कहा कि सरकार के इस निर्णय से ना तो पंचायतों के कार्य हो पाएंगे और ना ही मैदानी कर्मचारियों के संबंधित विभाग के कार्य होंगे। सरकार की गलत नीति व कार्यप्रणाली के चलते आज पूरे प्रदेश में पंचायत विभाग के प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो चुके हैं। गांवों में मूलभूत कार्य, विकास कार्य, वृद्धा पेंशन, पीएम आवास, पीएम जनमन, आय-जाति, निवास सहित समस्त प्रकार के कार्य ठप पड़े हैं। इसके बाद भी सरकार लगातार सुशासन की ढोल पीट रही है।

 

विनोद चंद्राकर के मुताबिक 100 दिन के भीतर मोदी की गारंटी के तहत पंचायत सचिवों को भाजपा ने शासकीयकरण करने का वादा किया था। अब अपनी एक गारंटी को झूठलाते हुए पूरी व्यवस्था को प्रभावित करने में भाजपा की साय सरकार लगी हुई है। पंचायत सचिव पिछले माह भर से अनिश्चितकालीन धरना दे रहे हैं। वर्तमान ग्रीष्म ऋतु में ग्रामों में सबसे अधिक पेयजल की समस्या का सामना ग्रामीणों को करना पड़ रहा है। सचिवों के हड़ताल के चलते पंचायत की राशि मूलभूत कार्यों के लिए नहीं निकल पा रही। यदि सरकार समय रहते पंचायत सचिवों की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार नहीं किया तो इस आंदोलन का प्रभाव सबसे अधिक प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को भुगतना पड़ेगा। सरकार के वादाखिलाफी के कारण आम जनता को बेवजह परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने पंचायत सचिवों की मांग को जायज बताते हुए भाजपा सरकार से पंचायत सचिवों की मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की है।

श्री चंद्राकर ने भाजपा सरकार के 2023 के चुनावी वादे को याद दिलाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने 2023 के विधान सभा चुनावों में अपने चुनावी घोषणा पत्र मोदी की गारंटी में सौ दिनों में वादों को पूरा करते हुए पंचायत सचिवों की शासकीयकरण का वादा किया था लेकिन भाजपा सरकार को बने आज सवा साल बीतने को है।

 लेकिन भाजपा ने आज तक न तो सचिवों की मांग के अनुरूप नियमितीकरण करने का काम किया है। और न ही भाजपा सरकार में पंचायत सचिवों की कोई सुनवाई हो रही है। भाजपा ने मोदी की गारंटी के वादे सौ दिनों में पूरे नहीं कर पंचायत सचिवों को ठगने का काम किया है। आज प्रदेश की डबल इंजन की भाजपा सरकार अपने ही चुनावी वादे मोदी की गारंटी से भाग रही है।


अन्य पोस्ट