महासमुन्द
महासमुंद,13अप्रैल। ग्राम पचेड़ा व अरंड में आयोजित राम चरित मानस गान कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। दोनों ग्रामों के आयोजन स्थल पर आयोजकों व ग्रामीणों द्वारा श्री साहू का राम दरबार व श्रीफल भेंटकर स्वागत किया गया। श्री साहू ने भगवान श्रीराम की पूजा अर्चना कर अंचल व जिलावासियों की सुख समृद्धि के लिए आशीर्वाद मांगा।
उन्होंने दोनों ग्रामों के ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि धार्मिक कार्यक्रमों से वातावरण शुद्ध रहता है। भगवान श्रीराम ने मर्यादित जीवन व्यतीत कर समस्त मानव जाति को मर्यादा में रहने की सिख दी। भगवान श्रीराम का हमारे छत्तीसगढ़ से गहरा नाता है।
उन्होंने अपने वनवास काल का अधिकतर समय दंडकारण्य में गुजारा है। जो आज छत्तीसगढ़ के हसदेव जंगल क्षेत्र में आता है। माता कौशल्या छत्तीसगढ़ की बेटी है। ऐसे पावन भूमि में हम निवास करते हैं यह हमारा सौभाग्य है। उन्होंने अरंड व पचेड़ा के ग्रामीणों को भक्तिमय कार्यक्रम के आयोजन के लिए शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण व श्रद्धालु भक्त उपस्थित थे।