महासमुन्द

हमारी संस्कृति में कभी कुओंं का धार्मिक महत्व था, इसे जल तत्व और शुभता का प्रतीक माना जाता था, अब कूड़ेदान बन गए...
11-Apr-2025 3:13 PM
हमारी संस्कृति में कभी कुओंं का धार्मिक महत्व था, इसे जल तत्व और शुभता का प्रतीक माना जाता था, अब  कूड़ेदान बन गए...

अब लोगों को रस्सी के सहारे बाल्टी से पानी खींचना मुसीबत लगने लगा है

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,11अप्रैल। महासमुंद शहर सहित जिले भर में अब कुओं का अस्तित्व विलुप्त हो चुका है। आधुनिक जीवन शैली के अधीन एक बटन दबाने पर पानी की व्यवस्था हो जाना ही कुओं के महत्व और अस्तित्व को समाप्त कर दिया। कुएं न केवल निस्तारीए पेयजल के प्रमुख साधन थे। बल्किए धार्मिक अनुष्ठानों में भी जल कुओं की पूजा का विशेष महत्व है। फलस्वरूप पूर्वज कुओं की खुदाई भी मुहूर्त देखकर ही करते थे। बीते 30 दशक में लोगों को जल के आसान संसाधन मिले। वहीं लोगों ने कुओं को उपेक्षित कर दिया।

सफाई संरक्षण के लिये पालिका के पास लाखों रुपए के फंड आते हैं। लेकिन इस ओर किसी ने भी ध्यान नहीं दिया। फलस्वरूप कुएं अब कुड़ेदान बनकर ही रह गये हैं। शहर के अनेक कुओं में बीते 20 सालों तक निस्तारी होती रही। लेकिन रखरखाव के अभाव में अब ये भी दम तोडऩे लगे हैं। कुआं जल संरक्षण का महत्वपूर्ण साधन है। लगभग तीन दशक पूर्व तक अधिकांश गांवों में पेयजल एवं सिंचाई के लिए सबसे अधिक प्रयोग कुआं का किया जाता था। आज कुओं का वजूद समाप्त हो रहा है। अब लोगों को रस्सी के सहारे बाल्टी से पानी खींचना मुसीबत लगने लगा है। अधिकांश लोग समर्सिबल पर निर्भर हो गए हैं। शहर की बात तो दूर गांव में भी लोग अब नलों में निर्भर हैं।

महासमुंद शहर में कुछ कुओं का जलस्तर अब भी बहुत बढिय़ा है और लोग उसमें निस्तारी करते हैं। सुभाषनगर के रविदास महिला मंडल भवन के पास के कुएं में बारह महीने निस्तारी के लिए पानी रहता है। जब भवन बना तो समाज की महिलाओं ने कुएं का भी जीर्णोंध्दार कराया था। लेकिन जागरूकता के अभाव में अब यह भी गंदगी का पर्याय बनने लगा है। सरकारी परिसर में स्थित कुओं का अस्तित्व तो पहले ही समाप्त कर दिया गया। तालाबों का भी जलस्तर नीचे चला गया है। कुआं पहले प्रत्येक घर की जरूरत थी। लेकिन अब इसके अस्तित्व पर खतरे का बादल मंडरा रहा है।

 

जागरूक युवाओं ने कुओं का अस्तित्व बचाने मुहिम छेड़ी थी

 4 साल पूर्व शहर के जागरूक युवाओं ने कुओं का अस्तित्व बचाने मुहिम छेड़ी थी, लेकिन प्रशासनिक सहयोग नहीं मिलने की वजह से मुहिम की कड़ी टूट गई। नगर पंडित पंकज तिवारी का कहना है कि जल संचय के लिए हमारे पूर्वज कुआं खुदवाते थे। हर गांव में 10 से 15 कुआं होता था। आज स्थिति यह है कि गांव में एक-दो कुआं मिल जाए तो बहुत है। हमारी संस्कृति कुआं के पानी को शुद्ध मानती है। हिंदू धर्म में कुओं का धार्मिक महत्व बहुत अधिक है। खासकर कुओं का पूजन विवाह, जन्म और अन्य शुभ अवसरों पर किया जाता है। इसे जल तत्व और शुभता का प्रतीक माना जाता है।

कुओं की सफ ाई नहीं

नगर पालिका द्वारा पिछले तीन दशकों से शहर के कुओं की सफ ाई नहीं कराई गई है। फलस्वरूप शहर के अधिकांश कुएं झुरमुटों से घिर के पानी के लिए उपयोग होता था, पट गया है। लोग इसमें अपने घरों के कूड़े डाल गये हैं। शहर के मचकुरी लाइन, गुडरुपारा, कुर्मीपारा का कुआं अब पूरी तरह से ध्वस्त हो गया है। वहीं बाबा रामदेव मंदिर के पीछे एक कुआं अभी भी है। लेकिन महज बारिश के दिनों में ही इसका उपयोग होता है। यही नहीं पहले इन कुओं के जल का पूजा करने से लेकर पीने अब कुआं गंदगी और बदबू का पर्याय बनकर रह गया है। कुआं पूरी तरह गंदगी से भर चुका है।

कुआं का अस्तित्व समाप्त होते जा रहा है...

               शहर के दर्जनों कुएं मृतप्राय है। इनके जीर्णोद्धार की चिंता न तो जनप्रतिनिधियों को है और न ही अधिकारियों को। सरकार द्वारा जनप्रतिनिधियों के माध्यम से जनहित में कई लाभकारी योजनाएं चलाई है। परंतु उस फंड का उपयोग करने के लिए इस ओर किसी का ध्यान नहीं जा रहा है जिस कारण कुआं का अस्तित्व समाप्त होते जा रहा है। फ ्रीज युग से पहले कुआं पानी ठंडा जल का स्त्रोत माना जाता था।

सीएमओ अशोक सलामे का कहना है कि वर्षों पहले लोग कुआं जनहित में खुदवाते थे। पूरे गांव के लोगों के लिए कुआं खेतों की सिंचाई, स्नान व पीने के लिए पानी का महत्वपूर्ण साधन था। अब तो शहर में बोर इतने अधिक हो चुके हैं कि कुंओं में पानी रहता ही नहीं। गर्मियों के दिनों में पानी की सर्वाधिक आवश्यकता रहती है। लेकिन पानी बोर खींच लेता है। कुएं उपयोगहीन साबित हो रहे हैं। क्या कर सकते हैं। लोगों में जागरूकता का अभाव है।

नगर पुरोहित पंकज तिवारी का कहना है कि सनातन धर्म में कुओं की भी पूजा होती है। जिसे कूप पूजन कहा गया है। जन्म से लेकर मृत्यु तक अनेक संस्कार कुओं के ही जल से किए जाने का विधान था। जो अब समाप्त हो रहे हैं। बच्चे के जन्म के बाद कुआं पूजन नवजात शिशु की भलाई और ईश्वर से आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए किया जाता है। विवाह के समय,लडक़े की मां बारात निकलने से पहले कुआं पूजन करती है। जो जल तत्व की पूजा और शुभता का प्रतीक है। गृह प्रवेश में भी किया जाता था। कुएं के पानी को शुद्ध और पवित्र माना जाता है। इसलिए पूजा-पाठ और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों इसका उपयोग किया जाता है। कुछ जगहों पर छठ व्रत के दौरान व्रती कुएं के पानीसे प्रसाद बनाती हैं। कुएं को को जीवन जीवन समृद्धि का प्रतीक माना जाता है।


अन्य पोस्ट