महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 7 अप्रैल। नगर में रामनवमी पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें दर्जनों बच्चे राम लखन एवं सीता के रूप में खुली जीप पर विराजित थे। कार्यक्रम में इस बार पुलिस व्यवस्था चुस्त दुरुस्त होने के कारण किसी भी अप्रिय घटना की खबर नहीं है।
श्रीराम नवमी उत्सव समिति के संयोजक समाजसेवी आकाश अग्रवाल अपनी पूरी टीम के साथ बिगत पखवाड़े भर पूर्व से राम नवमी एवम सामूहिक विवाह की तैयारियों में जुटे थे। रविवार की सुबह 37 जोड़ों की शादी स्थानीय पुरोहितों ने खेल मैदान में संपन्न करवाया।
इसके बाद शाम करीब 6 बजे एक विशाल भव्य शोभायात्रा निकाली गई।जिसमें नगर जनों ने उत्साह से भाग लिया।समिति द्वारा दो अलग अलग डीजे की व्यवस्था की गई थी। एक में युवक थिरकते दिखे जबकि दूसरे डीजे में सैकड़ो की संख्या में युवतियां नाचती गाती झूमते दिख रही थीं।इसके अलावा बाहर से झांकिया भी बुलाई गई थी जो शोभायात्रा के रास्ते भर अपना प्रदर्शन करते दिखे।
रास्ते भर ठंडा एवं नाश्ते का प्रबंध
शोभ ायात्रा के रास्ते मे जगह जगह ठंडा पानी लस्सी दही एवम खीर इत्यादि की व्यवस्था नगर के समाजसेवियों द्वारा की गई थी।स्थानीय मुस्लिम समाज द्वारा भी यात्रा का स्वागत करते हुए शर्बत वितरण किया गया।
पुलिस की चुस्त व्यवस्था
दो वर्ष पूर्व रामनवमी शोभायात्रा में मारपीट की एक घटना से सबक लेते हुए इस बार पुलिस ने पूरे शोभायात्रा में शानदार पुलिसिंग का उदाहरण प्रस्तुत किया। रामनवमी के सभी कार्यक्रम शांति पूर्वक संपन्न हुए।