महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 अप्रैल। स्वयं को महिला बाल विकास का पोषण ट्रैकर अधिकारी बताकर अज्ञात कॉलर ने जिले की 2 महिलाओं से 25 हजार रूपए ठग लिये। पहला मामला झलप का है। जहां मनीषा रात्रे नाम की महिला हितग्राही ठगी का शिकार हुई। वहीं एक महिला छिंदौली की है जिससे इसी कॉलर ने 4 हजार रुपए ठग लिये। जबकि शहर की एक और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता किरण यादव ठगी का शिकार होते-होते बच गयी। तीनों घटनाएं एक ही दिन में होने की वजह से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने आशंका व्यक्त की है कि कहीं पोषण ट्रैकर नाम से शासकीय एप ही कहीं हैक ना हो गया हो।
मिली जानकारी के अनुसार कल सुबह हितग्राही मनीषा रात्रे के मोबाइल पर कॉल आया जिसमें कॉलर ने स्वयं को अधिकारी बताकर कहा कि अब तक पोषण ट्रेकर का केवायसी जमा नहीं हुआ। इस पर हितग्राही ने कहा कि वर्तमान में नेट काफी धीमा चल रहा है।
इस पर उसने कहा कि मानदेय कटेगा। ऐसा कहकर उसने संबंधित स्थान के आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को भी लाइन पर लेकर बात कराया। साथ ही विभाग की अन्य गतिविधियों के विषय में भी बात किया। इस पर मनीषा को पूर्ण विश्वास हो गया। लेकिन इस समय तक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कॉल कट कर चुकी थी। इसका फायदा उठाकर वापस कॉलर ने मनीषा को कॉल लगाकर ओटीपी पूछा और 19 हजार रुपए ठग लिये। मामले की जांच जारी है।