महासमुन्द

दस साल पहले जंगल की झोपडिय़ों से निकलकर पक्के मकानों में पहुंचे थे, तब से यहां चिट्ठी तक नहीं आई
05-Apr-2025 2:54 PM
दस साल पहले जंगल की झोपडिय़ों से निकलकर पक्के मकानों में पहुंचे थे, तब से यहां चिट्ठी तक नहीं आई

तत्कालीन सीएम डॉ. रमन सिंह भावा पहुंचे थे और ग्रामीणों को घरों की चाबी दी थी 

बारनवापारा अभयारण्य के वन ग्राम से 399 परिवारों को दस साल पहले महासमुंद के रामसागर पारा भावा,  श्रीरामपुर एवं लाटा दादर में बसाया था

-उत्तरा विदानी

महासमुंद, 5 अप्रैल (‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता )। बारनयापारा जंगल के भीतर पेड़ों की झुरमुट के बीच एक गांव था। इस गांव में जो झोपडिय़ां थीं, वहां रहने वाले लोग झरने का पानी पीकर अपनी प्यास बुझा लेते थे। फल फूल खाकर जिंदा रह लेते थे। वहां उनका एक पता ठिकाना था। बारनवापारा अभ्यारण में जंगली जानवरों ने उन पर और उन्होंने जंगली जानवरों पर पर दबाव बना रखा था। यह उनका आपसी संघर्ष था। आखिर में वनवासियों ने बारनवापारा जंगल को जानवरों के हवाले कर दिया। वह एक भावुक पल था। लेकिन वहां से विस्थापित कर लोग अभी जिसे अपना घर कह रहे हैं, उसका पता ठिकाना ही नहीं है। इनके परिवारों के बच्चों का जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहा है। किसान क्रेडिट कार्ड भी अटका हुआ है।

ंंगौरतलब है कि बारनवापारा अभयारण्य के वन ग्राम से 399 परिवारों को दस साल पहले महासमुंद जिले के रामसागर पारा भावा, श्रीरामपुर एवं लाटा दादर में लाकर शासन ने बसाया था। तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह खुद भावा पहुंचे थे और ग्रामीणों को उनके घरों की चाबी दी थी। तब ये काफी खुश थे कि पक्के मकान मिल गये। उन्हें नहीं मालूम था कि यहां आकर उनकी पहचान खत्म हो जाएगी। खुद के पहचान के लिए ये दर-दर भटक रहे हैं लेकिन आज तक इन ग्रामों को राजस्व ग्राम घोषित नहीं किया गया है। ग्रामीणों के समक्ष सबसे बड़ी दिक्कत यह है कि ये अपने ग्राम का पता क्या बताएं? 

हकीकत यह है कि प्रशासन के राजस्व पुस्तिका में श्रीरामपुर रामसागर, भावा तथा लाटा दादर दर्ज ही नहीं है। इन गांवों को राजस्व रिकार्ड में दर्ज कराने का सिलसिला 10 सालों से जारी है। चूंकि ये गांव राजस्व के नहीं हैं। इसलिए यहां के लोगों को साारी मूलभूत सुविधाओं से वंचित होना पड़ रहा है। शासन की किसी भी योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इन 10 साल से प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के समक्ष गुहार लगाते-लगाते ग्रामीणों की चप्पलें घिस गईं, लेकिन समस्याएं हैं कि हल ही नहीं हो रहीं।

हालात तो यह है कि राजस्व रिकॉर्ड में ग्राम दर्ज नहीं होने की वजह से यहां पोस्टमैन भी नहीं पहुंच पाता। स्कूल के मास्टरों को वेतन अलग जिले से मिलता है। पटवारी, सचिव, सरपंच सभी दूसरे जिले के हैं। बिजली का बिल भी इन्हें कसडोल जाकर पटाना पड़ता है। यह गांव महासमुंद जिले में बसा जरूर है पर निर्भर दूसरे जिले पर है। यहां के सैकड़ों परिवारों को शासकीय योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।   जब साल 2013 में महासमुंद जिले के ग्राम पंचायत भावा के आश्रित ग्राम रामसागरपारा में बारनवापारा अभयारण्य के वनों में बसे 399 परिवारों को बसाया गया था। तब उस वक्त प्रत्येक परिवार को 12 डिसमिल जमीन पर पक्का मकान बनाकर दिया गया था। साथ में जीविकोपार्जन के लिए प्रत्येक परिवार को 5-5 एकड़ भूमि खेती किसानी के लिए दी गई थी। तत्कालीन मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने इसे राजस्व ग्राम बनाने के साथ सभी मूलभूत सुविधा प्रदान करने की बात कही थी। लेकिन आज दस वर्ष से ज्यादा हो जाने के बाद भी ये ग्राम न तो राजस्व ग्राम घोषित हुए, और न ही इन परिवारों की जमीन ऑनलाइन हुई। खेती करते जरूर हैं पर उनकी उपज कोई नहीं खरीदता। इसी वजह से इन ग्रामवासियों को शासन की कई महत्वपूर्ण योजनाओं से वंचित होना पड़ रहा है। इन गांवों के ग्रामीण परेशान हंै और आला अधिकारी कार्यालयों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। ग्रामीण जहां अपना दुखड़ा बताकर राजस्व ग्राम घोषित करने की मांग कर रहे हैं। आला अधिकारी भी इन ग्रामीणों की मांग को जल्द से जल्द पूरा कराने के लिए हर संभव प्रयास करने की बात कह रहे हंै। आज दस वर्ष से ज्यादा हो जाने के बाद भी ये ग्राम न तो राजस्व ग्राम घोषित हुआ और न ही इन परिवारों की जमीन ऑनलाइन हुई है। जिससे इन ग्रामवासियों को शासन की कई महत्वपूर्ण योजनाओ से वंचित होना पड़ रहा है। इन्हें वृद्धा पेंशन, मनरेगा का जाब कार्ड, किसान सम्मान निधि, बैंक से ऋण नही मिल रहा है। परिवार के जिस सदस्य के नाम मकान, खेती जमीन का पट्टा है, उनकी मौत के बाद परिवार के दूसरे सदस्य के नाम फौती नहीं मिल रही है, नामांतरण नहीं हो रहा है। भावा से रामसागर पारा की दूरी लगभग डेढ़ किमी है। कच्चा रास्ता होने के कारण ग्रामीणों को बरसात में काफी दिक्कते होती है। डेढ़ किमी के कच्चे रास्ते पर एक पुलिया है वो भी क्षतिग्रस्त है। 

 

ग्रामीण ज्ञान चंद बारिक, नंद कुमार यादव, दुलुक राम यादव, दिनेश यादव, नागेन्द्र ठाकुर ने बताया कि राजस्व ग्राम घोषित नहीं होने से गांव वालों को शासकीय योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। बताते हैं कि जिस दिन छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह ने रामपुर के लोगों को गांव समर्पित किया, उस दिन भी काफी संख्या में दूसरे अभ्यारण्य से आकर लोगों ने श्रीरामपुर को देखा था। यह पहला मौक़ा था जब इतनी बड़ी संख्या में किसी अभ्यारण्य से लोगों का विस्थापन हुआ है और उनका पुनर्वास किया गया। यह भारत में एक मॉडल के रूप में सामने आया था। अब इसी फार्मूले के तहत दूसरे संरक्षित जंगलों से भी इसी तरह लोगों को दूर बसाने की योजना पर काम चल रहा है। लेकिन जमीनी स्तर पर यहां का हला बेहद खराब है। इसी गांव के लोकनाथ चौहान कहते हैं कि बारनवापारा अभ्यारण में जंगली जानवरों ने हम पर और हमने उन पर दबाव बना रखा था। यह हमारा आपसी संघर्ष था। हमने अंत में इस जंगल को जानवरों के हवाले कर दिया। वह एक भावुक पल था। जंगल उनकी जगह है। लेकिन हम अभी जिसे अपना घर कह रहे हैं, उसका पता ठिकाना ही नहीं है। हालांकि हमें श्रीरामपुर में रहने के लिए नए आशियाने मिले है। हमें अभ्यारण्य में रहते हुए कई दशक बीत गए थे। लेकिन अब हमें गांव की आदत डालनी होग। लेकिन हमारे परिवारों के बच्चों का जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहा है। हमारा किसान क्रेडिट कार्ड भी अटका हुआ है।  कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने बताया कि इनका आवेदन हमें प्राप्त हुआ है। जल्द से जल्द राजस्व ग्राम घोषित कराने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। ज्ञात हो कि यहां निवासरत परिवारों के बच्चों का न तो जाति प्रमाण पत्र बन पा रहा है और न ही निवास प्रमाण पत्र। इन लोगों का किसान क्रेडिट कार्ड, वृद्धा पेंशन, मनरेगा का जॉब कार्ड, किसान सम्मान निधि, बैंक से ऋण भी नहीं मिल रहा है। परेशान ग्रामीण राजस्व ग्राम घोषित करने की मांग को लेकर आला अधिकारियों के कार्यालय के दस साल से चक्कर काट रहे हैं।

इस मामले में वन मंडल अधिकारी पंकज राजपूत का कहना है कि राजस्व गांव में दर्ज करने का काम केन्द्र का है। लगातार अधिकारी इस गांव को राजस्व गांव में दर्ज कराने की को्शिश कर रहे हैं। उम्मीद है इस साल 2025 में इस गांव को राजस्व गांव का दर्जा मिल जाए। कोशिश जारी है।


अन्य पोस्ट