महासमुन्द
ढाई माह बाद भी मुआवजे की कोई कोशिश शुरू भी नहीं हुई- अंकित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 2 अप्रैल। ढाई माह पूर्व ग्राम डूमरडीह के वृद्ध किसान मोहन बरिहा का ओडिशा कालाहांडी में कृषक प्रशिक्षण लेकर लौटते एक दुर्घटना में निधन हो गया था, परन्तु सरकारी योजनवक तहत प्रशिक्षण कर लौटने के बाद भी मृतक परिवार को किसी भी तरह की सरकारी सहायता नहीं मिली है।
उक्त जानकारी देते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अंकित बागबाहरा ने बताया कि विगत जनवरी में बागबाहरा ब्लॉक के ग्राम डूमरडीह के वृद्ध किसान स्व मोहन बरिहा भी ओडिशा के कालाहांडी में कृषक प्रशिक्षण के लिए कृषि विभाग की ओर से गए थे जहां से वो पूरी होते हुए लौटने वाले थे, परंतु रास्ते में दुर्घटना होने से उनकी मृत्यु हो गई जिसका आज तक लगभग ढाई माह बीतने के बाद भी उनके परिवार को सहायता राशि दिलवाने की ओर कृषि विभाग की तरफ से कोई भी कार्रवाई नहीं की गई है।
अंकित बागबाहरा को जानकारी होने के बाद परिवार से मिलने गाँव पहुंचे, जहां वो मृतक की पत्नी सोनबती बरिहा से मिले व परिवार का कुशलक्षेम जाना। मृतक का तेंदूपत्ता कार्ड बना हुआ है, साथ ही एक्सीडेंट बीमा व नियमानुसार परिवार सहायता राशि मिलनी है, जिस पर अभी तक विभाग के द्वारा कोई समुचित लिखित शासकीय प्रयास शुरू नहीं किया गया है जिसके कारण परिवार को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
अंकित के साथ इस दौरान परस सोनवानी, जगन पटेल, राकेश दीवान पच व सरपंच पुत्र साहू मौजूद थे।
अंकित ने बताया मृतक का बेटा, बहू व उसके तीन नाती नतनिन भी है व भरे पूरे परिवार के ऊपर भारी विपत्ति आन पडी है, जिस विषय पर अंकित ने तत्काल उच्च अधिकारियों के संज्ञान में मामला ला शीघ्र मुआवजा प्रकरण हेतु मांग करेंगे व इस लापरवाही हेतु जिम्मेदार पर कार्यवाही की मांग भी करेंगे ताकि गरीब आदिवासी को इसका लाभ मिल सके।