महासमुन्द

चौक-चौराहों पर डेंजर जोन में रोजाना हादसे, कचहरी चौक में 2 घंटे में 3 हादसे
26-Mar-2025 2:51 PM
चौक-चौराहों पर डेंजर जोन में रोजाना हादसे, कचहरी चौक में 2 घंटे में 3 हादसे

सिग्नल पहले दिन से अब तक बंद, पुलिस के जवान भी तैनात नहीं रहते

 अन्य चौकों पर पान ठेला, चाय दुकान के बाजू में दिखते हैं जवान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 26 मार्च। चौक-चौराहों पर स्थित डेंजर जोन में रोजाना हादसे हो रहे हैं। रविवार को कचहरी चौक में 2 घंटे में 3 हादसे हुए। इस चौक पर लगा सिग्नल पहले दिन से अब तक बंद है। यहां पुलिस के जवान भी तैनात नहीं रहते। शहर के अन्य चौक चौराहों पर तैनात जवान पान ठेला, चाय दुकान के बाजू में दिखते हैं। लिहाजा शहर सहित आसपास के इलाकों में सडक़ हादसों में भारी इजाफ ा हो रहा है। जिले की यातायात पुलिस सडक़ हादसों को रोकने में कड़ाई बरतने की बजाए निष्क्रिय होती जा रही है।

इस कदर हालात हैं कि जिला मुख्यालय के प्रमुख चौक-चौराहों पर तैनात यातायात पुलिस जवान अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन ठीक तरह से नहीं कर रहे। इसे लेकर बड़े अफसरों ने भी आज तक मॉनिटरिंग नहीं की। अब शहर की यातायात व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गई है। रोजाना ही शहर में हादसे हो रहे हैं।

रायपुर मार्ग स्थित तिवारी बिल्डिंग से लेकर बरोंडा चौक तक की स्थिति का यदि जायजा लिया जाए तो लोग पुलिस जवान के आंखों के सामने ही सिग्नल जंप करते, रेड सिग्नल क्रॉस करते नजर आते हैं और पुलिस हाथ पर हाथ धरे पान ठेला, चाय दुकान के आसपास मोबाइल पर गेम खेलते व्यस्त नजर आती है। शहर के राजनेता भी इस ओर पहल नहीं कर रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार रविवार को शहर के कचहरी चौक से बरोंडा चौक के बीच 2 घंटे के भीतर 3 सडक़ हादसे हुए। जिसमें एक का पैर फ्रैक्चर हुआ और एक युवक की नाक में गंभीर चोटें आई हैं। जबकि एक स्थान पर कॉलेज युवती को अंदरूनी चोटें आई हैं। गौरतलब है कि शहर में 3 स्थानों पर नगर पालिका के सौजन्य से एक प्रायवेट कंपनी द्वारा ट्रेफिक सिग्नल लगाया गया है। लेकिन कचहरी चौक का ट्रेफिक सिग्नल लगाए जाने के बाद से ही बंद है। जबकि सर्वाधिक हादसे इसी चौक पर होते रहते हैं।

सिग्नलों की बात करें तो महासमुंद के नेहरू चौक पर जैसे ही ग्रीन सिग्नल दिखाई देता है। लोग अपनी गाड़ी की स्पीड बढ़ा देते हैं। यही स्थिति बरोंडा चौक के पास स्थित सिग्नल की है। ऐसे में वाहन स्पीड होने की वजह से कचहरी चौक में कॉलेज रोड या फिर टाउन हॉल की ओर आने वाले वाहन चालकों को देखने के बाद भी चालक अपनी वाहन की स्पीड कम नहीं कर पाते। फलस्वरूप दुर्घटना हो जाती है। वर्षों से इस चौक के समीप के व्यवसायियों द्वारा यहां जवान तैनात किये जाने की मांग की जा रही है। लेकिन जवान की तैनाती तो दूर यहां लगे सिग्नल को भी यातायात पुलिस शुरू नहीं करा पाई है।

महासमुंद शहर में यातायात वर्ष 2024 में 471 हादसों में 282 मौत तथा 311 लोग घायल हुए थे। 2023 में 482 दुर्घटनाएं हुई थी। जिसमें 293 लोगों को मौत और 407 लोग घायल हुए थे। 2022 में 457 दुर्घटनाओं में 274 की मौत और 350 लोग घायल हुए थे। 2021 में 471 हादसों में 261 लोगों की मौत और 381 लोग घायल हुए। लेकिन अब तक यातायात व्यवस्था कैसे सुदृढ़ हो इस पर विभाग का ध्यान नहीं है। उच्चाधिकारियों से मिले चालान काटने के लक्ष्य को पूरा करने में ही यातायात जवान अपनी ऊर्जा खपा रहे हैं।

डीएसपी धनेंद्र ध्रुव का कहना है कि तैनात यातायात जवानों में 2-3 जवान चाय ठेला, पान ठेलों में खड़े रहते है। लोगों से विभाग को इसकी शिकायतें लगातार मिल रही है। मैं आज ही बाहर से ड्यूटी कर लौटा हूं। लापरवाही बरतने वाले यातायात जवानों के विरूद्ध सख्ती बरती जाएगी। कचहरी चौक का ट्रैफिक सिग्नल फिलहाल शुरू नहीं किया जा सकता। हमारे पास बल की कमी है। प्रस्ताव भेजा गया है।


अन्य पोस्ट