महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 23 मार्च। वीबीएस कंवर अधीक्षण अभियंता महासमुंद वृत्त के निर्देशन में गठित टीम द्वारा 3 दिन के भीतर 253 बकाएदारों के बिजली कनेक्शन काटे गए हैं। लाइन विच्छेदन उपरांत इनमें से 54 उपभोक्ताओं ने विभाग में 6 लाख 25 हजार 340 रुपए जमा भी किए हैं।
जानकारी के अनुसार राजस्व वसूली हेतु महासमुंद संभाग के कार्यपालन अभियंता पीआर वर्मा के नेतृत्व में तुमगांव वितरण केंद्र अंतर्गत 19 मार्च को बिजली बिल हेतु लंबित बकाया राशि वाले उपभोक्ताओं का सामूहिक रूप से लाइन विच्छेदन किया गया है। इस दौरान तुमगांव वितरण केंद्र के कुल 31 लाख 72 हजार 599 रुपए बकाया वाले 82उपभोक्ताओं के घर का लाइन विच्छेदन किया गया। लाइन विच्छेदन उपरांत 19 उपभोक्ताओं द्वारा कुल 2 लाख 75 हजार 770 रुपए का भुगतान प्राप्त हुआ है। साथ ही लाइन विच्छेदन उपरांत जांच में बिना भुगतान किए 2 उपभोक्ता ननकीबाई सोनी, सेवक निर्मलकर द्वारा अवैध रूप से लाइन जोडक़र विद्युत का उपयोग किया जा रहा था। जिनके विरुद्ध विद्युत अधिनियम की धारा 138 के अंतर्गत नियमानुसार कार्रवाई की गयी।
इसी प्रकार 20 मार्च को खट्टी वितरण केंद्र के कुल बकाया राशि 20 लाख 87 हजार 137 रुपए वाले 103 उपभोक्ताओं के लाइन विच्छेदन किये गये। जिनका विच्छेदन उपरांत 17 उपभोक्ताओं द्वारा 1 लाख 36 हजार 110 रुपए का भुगतान प्राप्त हुआ। इसी प्रकार महासमुंद ग्रामीण वितरण केंद्र अंतर्गत 21 मार्च को बिजली बिल हेतु लाइन विच्छेदन किया गया। इस दौरान कुल बकाया राशि 37 लाख 8 हजार 81 रुपए वाले 126 उपभोक्ताओं के लाइन काटे गए। जिनका विच्छेदन उपरांत 21 उपभोक्ताओं द्वारा कुल राशि 3 लाख 23 हजार 50 रुपए का भुगतान किया गया।
22 मार्च को महासमुंद शहर जोन अंतर्गत बकाया राशि 8 लाख 53 हजार 985 रुपए वाले 68 उपभोक्ताओं का बिजली बिल हेतु लाइन विच्छेदन किया गया। लाइन विच्छेदन उपरांत 26 उपभोक्ताओं का कुल राशि रुपए 2 लाख 13 हजार 460 रुपए भुगतान प्राप्त हुआ है। श्री कंवर ने बताया कि राजस्व वसूली की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
लाइन विच्छेदित उपभोक्ताओं द्वारा यदि अनाधिकृत लाइन जोड़ी जाती है तो विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 138 के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने उपभोक्ताओं को असुविधा से बचने बकाया बिजली बिल की राशि हर माह भुगतान करने की बात कही।