महासमुन्द
महासमुंद, 21 मार्च। शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय महासमुंद में वाणिज्य परिषद के तत्वावधान में एमकॉम चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं के लिए अंतरराष्ट्रीय विपणन विषय पर बुधवार को प्राचार्य करुणा दुबे के निर्देशानुसार वाणिज्य विभागाध्यक्ष अजय कुमार राजा के मार्गदर्शन में विभागीय सेमीनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया।
अजय कुमार राजा ने कहा कि आज के इस दौर में इस तरह के सेमिनार की उपयोगिता बढ़ते जा रही है। विद्यार्थियों में तार्किक और विषय सबन्धित गुणों के विकास में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इस तरह के सेमीनार के द्वारा किसी विषय पर गहन चर्चा का अवसर प्राप्त होता है और साथ ही उस विषय की सम्पूर्ण जानकारी एक साथ कई लोगों तक सम्प्रेषित की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि विभागीय सेमिनार से ना केवल बच्चों का व्यक्तित्व विकास होता है, बल्कि मंच में बोलने की झिझक खत्म होती है एवं आत्मविश्वास भी बढ़ता है। राजेश्वरी सोनी, मनबोध चौहान ने भी अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि सेमिनार से आपकी तार्किक क्षमता एवं मनोबल का विकास होता है। एम कॉम चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं में अंतर राष्ट्रीय विपणन प्रश्नपत्र के अंतर्गत आयोजित विभागीय सेमीनार में सर्वप्रथम छात्रा रिंकी साहू ने संबंधित विषय पर व्याख्यान दिया।
दूसरे क्रम पर खुशी गोलछा ने अंतर राष्ट्रीय विपणन एवं घरेलू विपणन में तुलनात्मक व्याख्या प्रस्तुत की। तीसरे क्रम पर छात्रा विभूति साहू ने अंतर राष्ट्रीय बाजार में प्रवेश के कारणों को विभिन्न उदाहरणों के द्वारा समझाया गया एवं अंत में छात्र खेमराज यदु ने बाजार की पहचान एवं चयन के तरीकों को विस्तार से प्रस्तुत किया।
ततपश्चात एम काम द्वितीय सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रश्न किये जिनका उत्तर प्रतिभागी छात्र-छात्राओं द्वारा दिया गया। साथ ही छात्रों द्वारा प्रस्तुतीकरण से सम्बंधित फीडबैक दिया गया। उक्त कार्यक्रम में छात्रा रश्मि अग्रवाल,अदिति, विधि सोनी, प्रीति मांझी, मेनिका, पायल, रसप्रीत, निम्मी एवं छात्र श्रेयांश सोनी, तुषार सहित एम काम के समस्त छात्र-छात्रा उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन मनीषा प्रधान सहायक प्राध्यापक द्वारा एवं आभार प्रदर्शन विभूति साहू अध्यक्ष वाणिज्य परिषद द्वारा किया गया।