महासमुन्द
जांच कमेटी के सदस्यों ने बताया कि दिन में 20-20 बार बंद होती थी बिजली
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 16 मार्च। कर्ज से परेशान और विद्युत कटौती लो वोल्टेज के कारण सूख चुकी रबी की धान फसल से तंग सिंघनपुर के किसान पूरन निषाद की आत्महत्या की जांच के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर बनी समिति के संयोजक खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव ने कहा है कि मृतक पूरन निषाद को उम्मीद थी कि वह अपनी फसल को बचा लेगा और इस राशि से कर्ज चुका कर अपनी आजीविका को पटरी पर ले आएगा। लेकिन विद्युत कटौती और लो वोल्टेज ने उसके सपनों को चकनाचूर कर दिया। उसके तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी पूरी फसल सूख गई। फलस्वरुप उसकी हिम्मत टूट गई..और उसने खेत में ही पेड़ पर फ ांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
जांच समिति के सदस्य विधायक श्री यादव के नेतृत्व में जांच टीम मृतक पूरन के परिजनों से भेंट करने पहुंची। पूरन की मौत पर शोक संवेदनाएं व्यक्त कर उन्होंने ढांढस बंधाया। मृतक पूरन के परिजनों ने जांच समिति के सदस्यों को बताया कि लो वोल्टेज, विद्युत कटौती से परेशान पूरन ने अपनी फसल को बचाने के लिए कई बार बिजली दफ्तर के चक्कर लगाए। लेकिन समाधान नहीं निकला। दिन में 20-20 बार बिजली बंद होती थी। जब बिजली कुछ देर रहती भी थी तो लो वोल्टेज के कारण मोटर चालू नहीं हो पाती थी।
बताया कि पड़ोसी किसान ने भी उनकी मदद की थी। टीम को परिजनों ने बताया कि थक-हारकर पूरन ने पड़ोस के खेत वाले किसान से भी सिंचाई के लिए मदद मांगी थी। उसके एवज में कुछ राशि देने की बात भी कही थी। पड़ोसी किसान ने भी प्रयास किए। उसके बावजूद सफलता नहीं मिली। आखिरकार पूरन की पूरी फसल सूखने लगी। एक तरफ कर्ज का भारी दबाव था और खेतों में खड़ी सूखती फसल के अलावा सरकार की बेरुखी ने उसे आत्महत्या जैसा कठोर कदम उठाने के लिए मजबूर कर दिया।
परिजनों से चर्चा पश्चात विधायक द्वारिकाधीश यादव ने कहा कि यह सरकार किसानों के साथ धोखा कर रही है। जब किसान को पानी और बिजली की जरूरत होती है, तब सरकार अपनी जिम्मेदारी से भाग जाती है। पूरन निषाद की आत्महत्या भाजपा सरकार की किसान विरोधी नीतियों का सीधा परिणाम है। अगर बिजली की आपूर्ति सुचारू होती तो यह दुखद घटना नहीं होती।
श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार हमेशा किसानों का हितैशी होने का दिखावा करती है। लेकिन हकीकत यह है कि राज्यभर में लो वोल्टेज और बिजली कटौती ने किसानों की कमर तोड़ दी है।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब उद्योगों को चौबीसों घंटे बिजली दी जा सकती है, ने तो किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली क्यों नहीं मिलती। बिजली पर तो सभी का हक है और खासकर छत्तीसगढ़ के अन्नदाता किसानों का तो उस पर विशेष हक है।
श्री यादव ने सरकार के समक्ष परिजनों के लिए मांग रखते हुए कहा कि मृतक किसान के परिवार को कम से कम 10 लाख का मुआवजा मिले। विद्युत विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। बिजली आपूर्ति को दुरुस्त करने के लिए विशेष अभियान चलाई जाए और किसानों को पर्याप्त बिजली देने के लिए सरकार ठोस नीति बनाए।
श्री यादव ने कहा कि किसानों की आत्महत्या का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रही है। पूरन निषाद पहले किसान नहीं हैं जिन्होंने सरकार की नाकामी के कारण अपनी जान गंवाई। अगर भाजपा सरकार ने अब भी अपनी नीतियों में बदलाव नहीं किया, तो किसानों के समक्ष बड़ा संकट हो जाएगा।
मृतक के परिजनों से मिलने पहुंची कमेटी में प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त जांच समिति के संयोजक विधायक द्वारिकाधीश यादव,पर्यटन मंडल के पूर्व सदस्य अंकित बागबाहरा के अलावा प्रमुख कांग्रेस जन सीटू सलूजाए मोहित ध्रुव, जगजीवन सिंह राजा, मोहम्मद शोएब, आलोक नायक, लाल जी भारती, दारा साहू पूर्व जनपद सदस्य, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष खिलावन साहू, नरेंद्र कौशिक आदि उपस्थित रहे।