महासमुन्द

रंग-गुलाल व नगाड़ों से सजा बाजार कम ग्राहकी से दुकानदारों में निराशा
12-Mar-2025 3:33 PM
रंग-गुलाल व नगाड़ों से सजा बाजार कम ग्राहकी से दुकानदारों में निराशा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 12 मार्च।
होली पर्व को देखते हुए नगर में रंग गुलाल से लेकर नगाड़ों की दुकानें सज कर तैयार है, परन्तु किसी भी दुकान में इक्का दुक्का ग्राहकी ही नजर आ रही है। जिसके कारण दुकानदारों में थोड़ी निराशा दिखाई दे रही है।

इस वर्ष बम्पर खरीफ की फसल के कारण होली पर्व में काफी उत्साह रहने की संभावना थी। परन्तु अब होली जलने में मात्र 48 घण्टे से भी कम का समय शेष है। इसके बावजूद बाजार में सुस्ती से व्यवसाइयों के माथे पर चिंता की लकीरें स्पष्ट दिखाई दे रही है।

कुछ रंग गुलाल एवम पिचकारी की दुकान सजा कर बैठे दुकानदारों से पूछने पर उन्होंने बताया कि आज तक तो होली का बाजार सुस्त है परन्तु कल गुरुवार एवं शुक्रवार को मार्किट में गर्मी आने की संभावना है। वैसे भी आजकल सभी सीजन के समान गांव देहात में भी आसानी से उपलब्ध हो रहे है लिहाजा गांव की ग्राहकी ग्रामो में ही रुक जाती है जिसका सीधा असर नगर के सीजन सामग्री बेचने वाले व्यवसाइयों पर पड़ रहा है।

बीते कुछ वर्षों से हर्बल गुलाल एवं रंगों का बहुत हल्ला मचा है परन्तु इनका मूल्य अधिक होने से ग्राहक वहीं पुराना कैमिकल रंग ही उपयोग करते दिख रहे हंै। 
एक दुकानदार राजेश कोठारी ने बताया कि वे बचपन से ही सीजन के समान बेचते आये हैं, परन्तु बाजार में इतनी मंदी इसके पहले कभी नही दिखी।अब कम लागत के कारण दुकानों की संख्या भी दो से तीन गुना हो गयी है।जिससे ग्राहकों का विभाजन होना ही है।

श्री कोठारी के अनुसार रंग गुलाल की बिक्री कल परसो एवं रंग के दिन सुबह 11 बजे तक रहने की संभावना है।

25 हजार के नगाड़े भी नहीं बिके
नगर के मुख्य बाजार में नगाड़ों की दुकान लगाकर बैठे उमेश यादव ने बताया कि उन्होंने इस वर्ष कुल 25 हजार के नगाड़े बनवाये थे।इसमें 150 से लेकर 2000 जोड़ी तक के नगाड़े है। विगत तीन दिनों से वे मुख्य मार्किट में दुकान लगा रहे है। आगामी 14 मार्च को होली है इसके बावजूद अब तक उन्होंने मात्र 3000 के ही नगाड़े बेचे हैं। उन्हें उम्मीद है कि आज शाम से फ़ाग गाने वाले नगाड़ा जरूर खरीदेंगे, जिससे उनका भी त्योहार हंसी खुशी मनेगा।

 


अन्य पोस्ट