महासमुन्द
महासमुंद,12 मार्च। बसना थाना परिसर में होली पर्व को लेकर कल शांति समिति की बैठक हुई। बैठक में बसना नगर पंचायत के नव निर्वाचित अध्यक्ष खुशबू अग्रवाल के प्रतिनिधि, नव निर्वाचित पार्षद, सरपंच,पंच,उपसरपंच और नगर वासी उपस्थित रहे। अध्यक्ष प्रतिनिधि डॉ. एनके अग्रवाल ने कहा कि बसना शहर एक बहुत ही शांति प्रिय शहर है। जहां सभी लोग मिलजुल कर त्योहार मनाते हैं। बसना थाना प्रभारी नरेन्द्र राठौर ने होली पर्व शांतिपूर्ण तरीके से मनाने और किसी भी प्रकार के गुंडा, बदमाश, आदतन आरोपियों द्वारा अगर उत्पात मचाने जाने पर बसना पुलिस को सूचना देने की बात कही। शांतिपूर्ण वातावरण में भाई चारे के साथ होली मनाने को लेकर उपस्थित लोगों व जनप्रतिनिधियों ने विचार-विमर्श किया।
होली के दिन शराब बेचने वालों पर कड़ी कार्रवाई की बात भी कही गई। बैठक में एसडीएम मनोज खांडे, तहसीलदार प्रकृति सिंह आदि उपस्थित थे।