महासमुन्द

सामूहिक नकल प्रकरण का प्रतिवेदन डीईओ को भेजा
12-Mar-2025 2:30 PM
सामूहिक नकल प्रकरण का प्रतिवेदन डीईओ को भेजा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 12 मार्च। बसना के बड़ेसाजापाली परीक्षा केंद्र में सामूहिक नकल प्रकरण बनने के बाद जांच प्रतिवेदन डीईओ को भेज दिया गया है। यहां वीडियो वायरल होने के बाद से शिक्षा विभाग की फजीहत हो रही है। बसना ब्लॉक के पूरे 21 परीक्षा केंद्र को शक के दायरे में देखा जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक जिस परीक्षा केन्द्र में सामूहिक नकल हुआ, वहां परीक्षा के पहले ही दिन बीईओ जेआर डहरिया जांच के लिए पहुंचे थे। बाद में उसी विद्यालय में दो शिक्षकों द्वारा सामूहिक नकल करवाते एक वीडियो वायरल हुआ था। सामूहिक नकल कराते किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल कर दिया था।  वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आया और डीईओ ने एक टीम गठित कर जांच के लिए टीम बड़े साजापाली भेजी। परीक्षा केन्द्र के लिए नियुक्त केन्द्राध्यक्ष पंचानन ठाकुर को हटा दिया गया है। उनकी जगह पर स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी हिंदी उत्कृष्ट विद्यालय के व्याख्याता प्रेम कुमार निर्मलकर को केंद्राध्यक्ष बनाया गया है।

साथ ही बीईओ श्री डहरिया ने चर्चा में बताया कि डीईओ द्वारा बनाई गई जांच टीम के साथ में बड़े साजापाली विद्यालय परीक्षा केंद्र गया था। जांच प्रतिवेदन तैयार कर रिपोर्ट जिला शिक्षा अधिकारी मोहन राव सावंत को भेज दिया गया है। मालूम हो कि वनांचल क्षेत्र अधिकारियों के पहुंच से दूर होने के कारण इन परीक्षा केंद्र में नकल होने की बात हमेशा आम लोग कहते रहते हैं।  साथ ही वनांचल क्षेत्र के जिन परीक्षा केंद्रों में निजी विद्यालयों के छात्र परीक्षा देते हैं, उस केंद्र में नकल कराया जाना आम बात माना जाता है।  वनांचल क्षेत्र के ग्राम बड़ेसाजापाली के परीक्षा केंद्र में हुए सामूहिक नकल प्रकरण से संबंधित जानकारी के लिए बीईओ जेआर डहरिया से बात की।

उन्होंने बताया कि मैं पहले ही दिन एक मार्च को ग्राम बड़े साजापाली परीक्षा केंद्र का दौरा किया था। उस दिन परीक्षा शांतिपूर्ण रही। नकल के एक भी प्रकरण मुझे प्राप्त नहीं हुआ। फिर भी बड़े साजापाली परीक्षा केंद्र सामूहिक नकल प्रकरण बनना दुर्भाग्य है।

परीक्षा के समय सीसीटीवी को बंद कर दिए जाने संबंधी सवाल पर उन्होंने कहा कि किसी भी परीक्षा केंद्र में लगे सीसीटीवी को बंद करने का निर्देश नहीं दिया गया है। यदि सीसीटीवी खराब है तो अलग बात है। सीसीटीवी खराब होने या दुरुस्त होने की जानकारी विद्यालय प्रबंधन द्वारा लिखित में दी गई है।


अन्य पोस्ट