महासमुन्द

परंपराएं...जो बदलती नहीं: महासमुंद का एक गांव जहां होलिका दहन नहीं होता: दूसरा गांव जहांं पुरुष गाजे-बाजे के साथ डंडा नृत्य करते हैं
10-Mar-2025 2:19 PM
परंपराएं...जो बदलती नहीं: महासमुंद का एक गांव जहां होलिका दहन नहीं होता: दूसरा गांव जहांं पुरुष गाजे-बाजे के साथ डंडा नृत्य करते हैं

 कुंआरी बबूल की लकड़ी में झंडा बांधकर बैगा जिस दिन गड़ा देता है, होली का त्यौहार शुरू हो जाता है...

उत्तरा विदानी

महासमुंद, 10 मार्च (‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता)। महासमुंद जिले में होली का त्यौहार भिन्न-भिन्न तरह से मनाया जाता है। यहां अधिकांश गांवों में लोग अबीर-गुलाल, रंग और नगाड़ों की थाप के साथ होली मनाते हैं। कुछ गांव ऐसे भी हैं जहां रंग गुलाल तो खेलते हैं...नगाड़ा भी बजता है लेकिन होलिका दहन नहीं किया जाता। यहां भी होली को होरी के नाम से जाना जाता है और गांवों में इस पर्व पर लोकगीतों की अद्भुत परंपरा है।

बसंत पंचमी से होली त्यौहार की तैयारियां शुरू हो जाती है। बसंत पंचमी को गांव के बईगा (गांव का मांत्रिक जो देवी मंदिर में पूजा करता है) द्वारा होलवार (वह स्थान होली जहां जलती है) में कुंआरी बबूल (बबूल का नया छोटा पेड़) की लकड़ी में झंडा बांधकर गड़ा देता है। बस इसी से फाग गीत प्रथम पूज्य गणेश के आह्वान से साथ आरंभ हो जाता है। जिले के गांव बिरकोनी में तो परंपरा के अनुसार यहां कई दशकों से होलिका दहन के बाद गांव में डंडा नृत्य होता है। इसके बाद से घरों में नियमित रूप से हर दिन पकवान बनने की परंपरा शुरू हो जाती है। जिसे तेलई चढऩा कहते हैं। अईरसा (अनरसे),देहरौरी (एक पकवान)भजिया (पकौड़े) पकवानए बनने लगते हैं। जिले में लड़कियां विवाह के बाद पहली होली अपने माता पिता के गांव में ही मनाती है। होली के बाद अपने पति के गांव वापस चली जाती हैं। लिहाजा गांवों में नवविवाहित युवतियों की भीड़ रहती है। सरा ररा सुनले मोर कबीर .......के साथ मादर, मृदंग, नगाड़े अथवा कहीं-कहीं पर ढोल के साथ होली के गीत शुरू हो जाते हैं। गायक-वादक के साथ ही श्रोताओं का ध्यान इन पर केन्द्रित हो जाती है। वह एक दो लाईन का पद सुरीले व तीव्र स्वर में गाता है। यह कबीर या साखी फाग के बीच में फाग के उत्साह को बढ़ाने के लिए किसी एक व्यक्ति के द्वारा गाया जाता है एवं बाकी लोग पद के अंतिम शब्दों को दुहराते हुए साथ देते हंै। इसके साथ ही कबीर के दोहे या अन्य प्रचलित दोहे, छंद की समाप्ति के बाद पढ़े जाते हैं। गांव के चौक-चौपाल में फ ाग के गीत होली के दिन सुबह से देर शाम तक निरंतर चलते हैं। रंग भरी पिचकारियों से बरसते रंगों एवं उडते गुलाल में मदमस्त महासमुंद अपने फागुन महराज को अगले वर्ष फिर से आने की न्यौता देता है। जिला मुख्यालय के निकटम गांव बिरकोनी में परंपरा के अनुसार यहां कई दशकों से होलिका दहन के बाद गांव में डंडा नृत्य होता है। इस गांव में फागुन मास आते ही परम्परागत डंडा नृत्य की गूंज सुनाई देने लगती है। जो होली के दिन तक चलता है। कृष्ण राधा के लीला मंचन संगम कार्यक्रम के साथ ग्राम के बालक-बालिकाएं त्योहार की पहली शाम समूह में एकत्रित हो जाते हंै और डंडा नृत्य करते हैं। होली के अवसर पर वर्षों पुरानी डंडा नृत्य परंपरा प्राचीन परंपराओं में से एक है। जिला ही नहीं बल्कि छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में आज भी होली के दिन पुरुष गाजे-बाजे के साथ डंडा नृत्य करते हैं। डंडा नृत्य को कुहकी अथवा रहस नृत्य भी कहते हैंं।  महासमुंद जिले के ग्राम बिरकोनी में 70 से 75 वर्ष के बुजुर्ग इस परंपरा का आज भी निर्वाह कर रहे हैं। हालांकि कुछ गिने-चुने बुजुर्ग ही अब इस में आगे है। गांव के सभी ऐसे कलाकार अपने गांव में इस वैभव को जिंदा रखने वाले कलाकार हंै और अभी भी इस विधा से जुडक़र छत्तीसगढ़ के संस्कृति को बढ़ा रहे हैं।

मुढ़ेना में रंग गुलाल तो खेलते हैं पर होलिका दहन नहीं...

(महासमुंद जिले में एक गांव बसा है, मुढ़ेना। इस गांव में दो सौ साल से लोग रंग गुलाल तो खेलते हैं पर होलिका दहन नहीं करते। इस गांव को कुंवारा गांव भी कहा जाता है। क्योंकि इस गांव में न मेला लगता है, न मड़ाई होती है, और न ही बाजार लगता है। यहां के लोग अपनी जरूरत के सामनों को आसपास गांवों से खरीदकर लाते हैं। यहां के लोगों का मानना है कि यदि किसी ने भी यहां होलिका दहन किया तो गांव में बारिश नहीं होगी और गर्मी में आग के गोले बरसेंगे।  गांव वालों की मानें तो उनके दादा परदादा के जमाने के लगभग 200 साल से गांव में होलिका नहीं जलाई जाती है। हालांकि इस त्योहार में गुलाल से सूखी होली, गीली होली खेल लेते हैं। नगाड़े बजाए जाते हैं पर होलिका दहन नहीं की जाता है।  ग्रामीण तिजिया, कांसी ने बताया कि कई साल पहले यहां महामारी फैली थी। जिसके बाद उस वक्त के ग्रामीणों ने होलिका जलाना बंद करने का निर्णय लिया। जिसके बाद यहां कभी महामारी नहीं फैली। इस परंपरा को लेकर आज भी गांव वाले चल रहे हैं।


अन्य पोस्ट