महासमुन्द

पुलिस ट्रेनिंग अकादमी में दौड़ के दौरान तबीयत बिगड़ी, ट्रेनी एसआई की मौत
08-Mar-2025 2:54 PM
पुलिस ट्रेनिंग अकादमी में दौड़ के दौरान तबीयत बिगड़ी, ट्रेनी एसआई की मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पिथौरा, 8 मार्च। विकासखण्ड के ग्राम सपोस निवासी राजमहन्त प्यारेलाल कोसरिया का होनहार पुत्र राजेश का चयन सब इंस्पेक्टर के पद पर होने के बाद अभ्यर्थी ट्रेनिंग के दौरान  राजेश की मौत हो गई। बताया जाता है कि चंदखुरी पुलिस ट्रेनिंग अकादमी में अभ्यर्थियों की दौड़ के दौरान राजेश की अचानक तबीयत बिगड़ी, उसे तत्काल अस्पताल ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।

समीप के ग्राम सपोस निवासी राजेश कोसरिया दो भाइयों में छोटा था। दोनों ही भाई काफी होनहार थे। ग्राम सरपंच किशोर बघेल ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि उनके ग्राम के निवासी समाज के राजमहन्त प्यारेलाल कोसरिया के दो पुत्रों में बड़ा पुत्र स्नातक के बाद अब सीजीपीएससी की तैयारी कर रहा है, जबकि छोटा राजेश छ: ग पुलिस के उपनिरीक्षक पद की परीक्षा पास कर चुका था। 29 वर्षीय राजेश अपने माता पिता के साथ विगत 3 मार्च को ही पुलिस अकादमी जॉइन कर वहां प्रशिक्षण प्रारम्भ किया था। प्रशिक्षण उपरांत 10 मार्च को मुख्यमंत्री के हाथों राजेश को नियुक्ति पत्र मिलना था।

तेज दौड़ से बिगड़ी तबियत

 विभागीय जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह चंदखुरी पुलिस ट्रेनिंग अकादमी में राजेश कोसरिया अन्य अभ्यर्थियों के साथ फिजिकल ट्रेनिंग के तहत दौड़ रहा था। इसी दौरान उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई। प्रशिक्षकों ने तुरंत उसे अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।

माता-पिता नहीं देख  सके वर्दी में

 ग्राम सरपंच के अनुसार पिता प्यारेलाल कोसरिया महासमुंद में सिंचाई विभाग में वर्ग दो के अफसर है। उनके रिटायर होने में कुछ समय शेष है। अपने पुत्रों के भविष्य के लिए उन्होंने काफी मेहनत कर बच्चों को उच्च शिक्षा दिला कर उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार किया था। बड़े पुत्र मनोज का चयन अब तक सीजी पीएससी में नहीं हुआ है, परन्तु छोटे पुत्र राजेश का चयन सब इंस्पेक्टर के पद पर हो गया था। जिससे पूरे परिवार में उत्साह एवं खुशी का माहौल था। परिवार छोटे पुत्र को पुलिस की वर्दी में देखने प्रतीक्षा कर रहा था, परन्तु वर्दी मिलने के मात्र तीन दिन पहले ही मातम भरी खबर ने पूरे परिवार की उम्मीदे एवं खुशियां एक झटके में छीन ली।

परिजनों के अनुसार बड़े पुत्र मनोज का विवाह हो चुका है। अविवाहित राजेश का विवाह नौकरी लगने के बाद करने की योजना थी।

  अनुकम्पा नियुक्ति की मांग

ग्राम सरपंच किशोर बघेल ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग करते हुए शासन से परिवार के एक सदस्य को अनुकम्पा नियुक्ति देने की मांग की है।


अन्य पोस्ट