महासमुन्द

जिले में मानसिक रोगियों-नशे की लत का उपचार अब स्मार्ट तरीके से टेली मानस एप से मानसिक रोगियों की होगी देखभाल
06-Mar-2025 2:18 PM
जिले में मानसिक रोगियों-नशे की  लत का उपचार अब स्मार्ट तरीके से  टेली मानस एप से मानसिक रोगियों की होगी देखभाल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 6 मार्च। यह एक अच्छी खबर ही है कि अब मानसिक रोगियों तथा नशे की लत का उपचार अब स्मार्ट तरीके से होगा। मानसिक रोगियों की देखभाल और उन्हें 24 घंटे उपचार मुहैया कराने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग ने अब टेली मानस एप लांच किया है। जिससे अब मानसिक रोगियों को इस एप के विभिन्न फिचर के माध्यम से उपचार की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा इस एप का उपयोग परीक्षा के दौरान तनावग्रस्त बच्चों के लिये भी किया जा सकेगा। मिली जानकारी के अनुसार नशे की लत और मानसिक परेशानी से अब टेली मानस एप छुटकारा दिलाएगी। जिला स्वास्थ्य विभाग इस एप को अब प्रमोट कर रही है। अत:स्वास्थ्य विभाग स्कूलों सहित चौक चौराहों पर बैनर लगाएगा। बैनर पर क्यूआर कोड होगा। इस कोड को स्कैन करके बच्चे अपने मोबाइल पर टेली मानस एप डाउनलोड कर सकेंगे। वहीं मानसिक परेशानी का समाधान काउंसलर करेंगे। जिला स्वास्थ्य विभाग ने जिले के कुछ स्कूलों का चयन किया है। यहां पर विभाग जागरुकता को लेकर बैनर लगाएगा। विभाग का कहना है कि अधिकांश बच्चे डर के चलते मानसिक रूप से परेशानी को बताने से कतराते हैं। इस वजह से मुश्किलें बढ़ जाती हैं। इसके अलावा अभिभावक भी अपने बच्चों को अस्पताल लाने से कतराते हैं। यही वजह है कि स्वास्थ्य विभाग स्कूलों में जाकर इसको लेकर जागरुकता अभियान चलाने जा रहा है। विभाग का कहना है कि एप के जरिये मानसिक परेशान बच्चों और बड़ों के लिए सातों दिन 24 घंटे परामर्श मिलेगा। इसके अलावा अगर अस्पताल जाने की जरूरत होगी तो इसकी जानकारी भी काउंसलर ऑनलाइन देगा।

इसके अलावा 14416 और 1800.891.4416 टोल फ्री नंबर पर कॉल कर सकते हैं। कोई भी परामर्श ले सकता है।  मालूम हो कि लोगों को इस बारे में जानकारी न होने के कारण काफी दिक्कतें पेश आती थीं। लोग इसको लेकर जागरूक हों इसलिए यह पहल शुरू की गई है। मानस ऐप का इस्तेमाल मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर जानकारी पाने के लिए किया जा सकता है। यह एक मोबाइल प्लेटफ़ॉर्म है। मानस ऐप, मानसिक स्वास्थ्य और सामान्यता संवर्धन प्रणाली का हिस्सा है।


अन्य पोस्ट