महासमुन्द

लो वोल्टेज की समस्या से हलाकान किसानों ने कलेक्टोरेट घेरा
05-Mar-2025 2:49 PM
लो वोल्टेज की समस्या से हलाकान किसानों ने कलेक्टोरेट घेरा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 मार्च।
लो वोल्टेज की समस्या से हलाकान किसानों ने कल कलेक्टोरेट का घेराव कर जमकर नारेबाजी की तथा बिजली कटौती लो वोल्टेज की वजह से किसानों को हुये नुकसान के एवज में मुआवजा की मांग की।

इधर, घेराव को लेकर पूर्व सूचना के तहत तैयार बैठी पुलिस ने आंदोलन में शामिल होने आ रहे किसानों को बागबाहरा, तेंदुकानों, झलप, तुमगांव, पिथौरा आदि स्थानों पर रोक दिया और  किसानों के वाहनों को रोक लिया। किसानों को घंटों थाने में बिठाये रखा। इनमें से अनेक ऐसे लोगों को भी पुलिस ने रोके रखा जो जन्मोत्सव छ_ी, वैवाहिक कार्यक्रमों में शामिल होने के लिये जा रहे थे। 

मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को सुबह से ही किसान जिला मुख्यालय से लगे खैरा चौक पर किसान एकत्र हो रहे थे। इससे पहले किसानों ने लो वोल्टेज को लेकर कोमाखान में धरना दिया था। बावजूद इसके लो वोल्टेज की समस्या जारी है। 

किसानों का कहना है कि अब गर्मी में बिजली विभाग को पता है कि घरों में एसी कूलर चलेगा। किसान रबी की फसल बोयेगा। ऐसे में पूर्व तैयारी ना करना और आम जन और किसानों को परेशान करना है। जिसके विरोध में करीब 350 से ज्यादा व 50 ग्राम के किसानों के साथ बीते 24 फरवरी को कोमाखान बिजली विभाग में ज्ञापन सौंपा गया था और समस्या के सुधार हेतु निवेदन किया था। लेकिन समस्या का समाधान नहीं होते देख कल किसानों ने कलेक्टर से मुलाकात कर उनकी संज्ञान में बातें लाना बेहतर समझा।

किसानों का प्रतिनिधित्व कर रहे अंकित बागबाहरा ने कहा कि हम शांति पूर्ण ढंग से अपनी समस्या से संबंधित ज्ञापन सौंपने महासमुंद आ रहे कि किसानों को पुलिस ने जगह-जगह मनमाने तरीके से रोका दिया। उन्होंने क प्रेस वार्ता लेकर बताया कि हमारी मांगों में लो बोल्टेज, बिजली कटौती को तत्काल बंद करने, स्थाई सुधार करने, लो वोल्टेज के जिम्मेदार अधिकारी कर्मचारी पर कार्रवाई करने की मांग है।  उन्होंने कहा कि बागबाहरा निवासी गरीब तबके से संबंध रखने वाले विनोद तिवारी के घर का बिल 1 लाख 35 हजार भेजा गया है, उसे सुधारा जाए तथा जिम्मेदार पर कार्रवाई की जाए। ग्राम कोलपदर तिवासी स्व भागीरथी साहू जो कि डेली वेजेस में ड्राइवर का काम बिजली विभाग में करता था, उसे चालू लाइन में पोल पर चढ़वा दिया गया। जिससे उसकी मौत हो गयी। 

अत: इसके जिम्मेदारों पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज हो और मृतक के परिवार को 25 लाख मुआवजा देते हुए डेली बेजेस में नौकरी दी जावे। किसानों के नुकसान की भरपाई की जावे। काटकर किसानों को प्रति एकड़ कम से कम शासन स्तर पर फसल चक्र परिवर्तन हेतु योजना सतत रूप से चले और उगाई गयी फसलों हेतु बाजार के गारंटी मिले। किसानों के पम्प लाइन और घरेलू लाइन को अलग किया जाए। टी सी कनेक्शन के पैसे जमा करते समय उपभोक्ता को पावती आवश्यक रूप से प्रदान हो। घेडरीदादर में 220 केवीए का सब स्टेशन का काम स्वीकृत करवा जल्द चालू करें। रबी फसल का धान भी खरीफ फसल के मूल्य अनुसार 3100 रुपए में छत्तीसगढ़ सरकार खरीदी करें। क्षेत्र में 132 केव्ही के बन रहे सबस्टेशन के काम को तत्काल शुरू करवाया जाए। जन हित में उपरोक्त बातों के निवेदन को स्वीकार कर तत्काल कार्रवाई की जाये। इस दौरान अंकित बागबाहरा, सुरेश चन्द्राकर, लक्ष्मण शर्मा, हरीश साहू, डिगेश्वर देवांगन, मानसिंग उपस्थित थे।

मालूम हो कि जनपद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष के चुनाव की वजह से पुलिस ने ऐसे ही जिले भर में सुरक्षा बढ़ा दी थी। इस बीच कल साढ़े 3 बजे के आसपास किसान कांग्रेस नेता अंकित बागबाहरा के नेतृत्व में रैली की शक्ल में कलेक्टोरेट पहुंचे। जहां 12 सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन के दौरान अंकित बागबाहरा ने कहा कि वर्ष 2024 मार्च में ही किसान संघर्ष समिति द्वारा तो वोल्टेज और बिजली कटौती से सम्बंधित धरना कोमाखान चौकड़ी में दिया गया था। लेकिन इस वर्ष पुन: वही समस्या है। बल्कि यह समस्या और भी बढ़ कर अपना विकराल रूप धारण किये हुए है। जिसके कारण किसानों की हजारों एकड़ फसल बर्बाद हो चुकी है। यदि समस्य का तत्काल समाधान नहीं निकाला गया तो किसानों के समक्ष विकट स्थिति रहेगी।
 


अन्य पोस्ट