महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26 फ रवरी। गुड शेफर्ड स्कूल में कक्षा बारहवीं के छात्र-छात्राओं को कक्षा ग्यारहवीं के छात्र-छात्राओं द्वारा विदाई पार्टी दी गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संस्था के डायरेक्टर डॉ जार्ज रावटे एवं उड़ान सोसायटी जीएसएस की संस्थापिका डॉ अनीता जी रावटे उपस्थित थे।
दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके बाद ग्यारहवीं कक्षा के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। कक्षा बारहवीं के छात्र-छात्राओं ने अपने-अपने अनुभव साझा किया। मुख्य अतिथि डॉ रावटे ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के अपडेट्स के अनुसार वे अपने चयनित विषयों के अतिरिक्त एआई आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में अपना बेहतर भविष्य बना सकते हैं। उन्होंने सभी बच्चों को उनके बेहतर भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
डॉ. अनीता जी रावटे ने बच्चों को उज्जवल भविष्य की शुभाशीष देते हुए कहा कि वे अपने सपनों को पंख बनाकर सफलता के आसमान को छूने का प्रयास करें। मंजिलें उन्हें मिलती हैं जिनके सपनों में जान होती है। पंखों से कुछ नहीं होता, हौसलों से उड़ान होती है।
इस दौरान मिस्टर ईवनिंग का खिताब मयंक नेगी और मिस ईवनिंग का खिताब प्रेमा ठाकुर को दिया गया। स्टूडेंट आफ द ईयर पुरस्कार से सुजल एवं तन्नू दीवान को नवाजा गया।
प्राचार्य एम श्रीनिवास राव ने बारहवीं के छात्र-छात्राओं को सुनहरे भविष्य की कामना करते हुए ग्यारहवीं के बच्चों को सुंदर आयोजन के लिए बधाई दी। इस अवसर पर शाला के समस्त स्टॉफ उपस्थित थे ।