महासमुन्द

दंपति और भतीजे ने जीता चुनाव
25-Feb-2025 11:04 PM
दंपति और भतीजे ने जीता चुनाव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पिथौरा, 25 फरवरी। विकासखण्ड में एक परिवार ऐसा भी है जिस परिवार की ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत एवं जिला पंचायत में सहभागिता रहने वाली है। हाल में सम्पन्न त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष स्वयं सपत्नीक विजय हुए है, बल्कि उनका भतीजा भी चुनाव जीत कर सरपंच बन गया है। यह पंचायती राज की खूबसूरती का गजब नजारा माना जा रहा है।

त्रिस्तरीय पंचायती राज में जहां एक पंच बनने के लिए लाखों रुपये का खर्च किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर क्षेत्र के प्रभावशाली आदिवासी नेता करण सिंह दीवान की आम मतदाताओं के बीच चमक विगत 35 वर्षों से बरकरार है।

कहा जाता है कि लोकसभा एवम विधानसभा का चुनाव तो बार बार जीता जा सकता है परंतु सरपंच एवं जनपद चुनाव का बार बार जितना आसान नहीं होता। यदि इसमें कोई बार बार जीतता है तो यह वास्तविक लोकप्रियता की निशानी है।

कुछ ऐसा ही मामला जिला पंचायत के क्षेत्र क्रमांक 7 से भारी मतों से चुनाव जीते कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष करण सिंह दीवान का है। श्री दीवान स्वयं तीसरी बार जिला पंचायत सीट जीते है वहीं उनकी पत्नी हेमकरन दीवान लगातार 7 वीं बार जनपद सदस्य का चुनाव भारी मतों से जीत कर जनपद पहुंची है।

अब इस चुनाव में करण सिंह के भतीजे सुपेन्द्र सिंह दीवान ने अपने ग्राम खेड़ीगाव से सरपंच का पहला चुनाव लड़ा और उन्होंने भी भारी मतों से सरपंच चुनाव जीत कर त्रिस्तरीय पंचायती राज के सभी स्तर में कार्य करने की जिम्मेदारी ले ली। बहरहाल एक परिवार से ही सभी स्तर के जन प्रतिनिधियों के जितने की चर्चा जोरों पर है क्षेत्रवासी इस साधारण नेता की लोकप्रियता के कायल हो गए हंै।

साधारण खर्च में जीते चुनाव

उक्त संबंध में करण सिंह दीवान ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में बताया कि उन्हें ग्रामीणों द्वारा ही चुनाव लड़वाया जाता है। चुनाव आयोग द्वारा तय की गई खर्च की सीमा तक भी उनका चुनावी खर्च नही पहुच पाता।वे हमेशा से क्षेत्रवासियों के सुख दुख के साथी है। भविष्य में भी वे बने रहेंगे। ग्रामीणों के इस सहयोग के वे सदैव आभारी है।अब वे सपरिवार ग्रामीणों की सेवा में तत्पर रहेंगे।


अन्य पोस्ट