महासमुन्द

सोसायटियों में खाद की किल्लत
23-Feb-2025 3:25 PM
सोसायटियों में खाद की किल्लत

बाजार से अधिक कीमत पर खरीदने की मजबूरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 23 फरवरी।
महासमुंद जिले भर की सोसायटियों में इन दिनों यूरिया तथा डीएपी खाद की किल्लत से किसान हलाकान हो गए हैं। किसानों को महंगे दाम पर बाजार से खाद खरीदने मजबूर होना पड़ रहा है। सोसायटियों के माध्यम से बेचे जाने वाला यूरिया 270 तथा डीएपी 1350 रुपए में किसानों को मिलता है लेकिन किल्लत की वजह से अब बाजार में यूरिया 400 तथा डीएपी 1600 रुपए में खरीदने की मजबूरी है। जिले भर में कहीं यूरिया की किल्लत है तो कहीं डीएपी की। ऐसे में किसानों में फसल की बाढ़ को लेकर चिंता है।

मिली जानकारी के मुताबिक अंचल भर में धान की फसल 9 से 11 इंच की हो चुकी है। अब फसल में यूरिया तथा डीएपी खाद की आवश्यकता है। लेकिन इन दोनों खाद की रैक वर्तमान में प्रभावित है। फलस्वरूप प्रदेश स्तर पर खाद संकट की स्थिति है। जानकार बताते हैं कि प्रदेश भर के अधिकारी कर्मचारी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में व्यस्त थे। फलस्वरूप यूरिया तथा डीएपी के लिए सही समय पर डिमांड नहीं भेजी जा सकी। वहीं जो खाद खरीफ सीजन में आए थे उन्हीं खाद से जैसे-तैसे कुछ किसानों का काम चल पाया। अब स्थिति खराब होने लगी है।

अधिकारियों का कहना है कि यूरिया डीएपी का कच्चा मॉल विदेशों से यहां आयात होता है। फलस्वरूप यह भी एक लेट लतीफी का बड़ा कारण है। अब इधर फसल में खाद की आवश्यकता है। ऐसे में किसान बाजार से खाद खरीद रहे हैं।

सोसायटियों के प्रबंधकों के अनुसार बाजार में यूरिया की जो खपत है, उसका एक हिस्सा भी आपूर्ति नहीं हो पा रहा है। कुछ किसानों की शिकायत है कि यूरिया की कालाबाजारी की जा रही है। तथा कुछ सोसायटियों में केवल प्रभावशाली लोगों को खाद दिया जा रहा है। किसानों की मानें तो खुले बाजारों में खाद 400 से 500 रुपए की दर से बिक्री हो रही है। कई दुकानदार यूरिया की किल्लत बताकर पिछले गेट से खाद की बिक्री कर रहे हैं। संबंधित अधिकारी इससे अनजान बने हैं।

किसान फसल बर्बाद होने की आशंका से चिंतित हैं। एक तरफ  प्रशासन खाद बिक्री को लेकर जीरो टॉलरेंस नीति की बात कर रही है। जबकि हकीकत इसके उलट है। विभाग द्वारा यूरिया 266 रुपये में मिलने की बात की जा रही है। जबकि उर्वरक की उपलब्धता के मामले में कृषि विभाग की सारी तैयारी सिफर साबित हुई है। कृषि विभाग की मानें तो यूरिया का निर्धारित मूल्य 270 रुपए व डीएपी 1350 रुपए प्रति बोरा है। जबकि बाजार में 266 के बजाय 400 से 500 रुपए में यूरिया व 1600 से 1700 रुपये में डीएपी प्रति बैग मिल रहा है।


अन्य पोस्ट