महासमुन्द

वित्तीय साक्षरता के माध्यम से जमा पूंजी का उपयोग कर आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करें-प्रकाश
22-Feb-2025 3:10 PM
 वित्तीय साक्षरता के माध्यम से जमा पूंजी का उपयोग कर आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करें-प्रकाश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद, 22 फरवरी।
भारतीय रिजर्व बैंक की जमाकर्ता शिक्षा व जागरुकता कार्यक्रम अंतर्गत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन कल जिला महासमुंद के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था बसना में किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य बैंक उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों एवं उनके हितार्थ वित्तीय योजनाओं के प्रतिजागरुक करना था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रुप में प्रचार्य प्रकाश कुमार कैवर्त उपस्थित थे। मुख्य अतिथि की आसंदी से प्रकाश कुमार कैवर्त ने कहा कि वित्तीय साक्षरता के माध्यम से जमाकर्ता अपनी जमापूंजी का बेहतर उपयोग कर अपनी आर्थिक स्थिति को सुदृढ व सुरक्षित कर सकता है। उन्होंने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक ने उपभोक्ताओं के हितार्थ अनेक योजनाएं बनायी है।

कार्यशाला में मास्टर ट्रेनर हितेष मिश्रा व विष्णु राव जावलकर ने बैंक खाता खुलवाने, उसका संचालन, बचत योजना, वित का प्रबंधन, केवाईसी प्रक्रिया, बैंक ऋण संबंधित उपभोक्ताओं के अधिकार, जमाकर्ताओं के अधिकार, बैंकिग लोकपाल, चिट फंड कंपनियों, नान बैंकिंग फाइनेंस कंपनी आदि की विस्तृत जानकारी प्रतिभागियों को दी। 

कार्यशाला को संबोधित करते हुये हितेष मिश्रा ने कहा कि उपभोक्ताओं को बैंकों की विविध सुविधाओं का लाभ उठाकर अपनी वित्तीय व्यवस्था को सुव्यवस्थित करनी चाहिये। कार्यक्रम के उद्देश्य के विषय में जानकारी देते हुये संस्था के अध्यक्ष डॉ.संदीप शर्मा ने बताया कि भारतीय रिजर्व बैंक ने बैंक से जुडे उपभोक्ताओं के सामने आने वाली विभिन्न परेशानियों को देखते हुये उन्हें जागरुक करने के लिये जमाकर्ता शिक्षा और जागरुकता कार्यक्रम की शुरुआत की है। 

उन्होंने बताया कि जमाकर्ता अपने अधिकार और वित्तीय शिक्षा के प्रति अज्ञानता के कारण ही लगातार चिटफंडकंपनी, ऑनलाइन शॉपिंग, दूरभाष में एटीएम की जानकारी आदि माध्यमों से ठगी का शिकार हो रहा है। इन सभी को ध्यान में रखते हुये कार्यशाला के माध्यम से बैंक उपभोक्ताओं को जागरुक बनाया जा रहा है। इस कार्यशाला में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था बसना के विभिन्न क्षेत्रों की छात्र व छात्राओं को शामिल किया गया।

जिससे वित्तीय शिक्षा का प्रसार जमीनी स्तर पर हो सके। कार्यशाला में संस्था के परियोजना संचालक नाजनीन अली, निमेष साहू, सुरेन्द्र साहू, ज्योति सिंह, सरमुन खान आदि का सहयोग रहा। उक्त जानकारी संस्था के समन्वयक पी.एल खखैरवार ने दी। 

 


अन्य पोस्ट