महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 31 जनवरी। नगर के प्रमुख निस्तार तालाब में एक बार पुन: ट्रॉली उद्योग संचालक द्वारा अतिक्रमण कर दुकान बनाना शुरु कर दिया गया है। ज्ञात हो कि दो वर्ष पूर्व भी इसी स्थान पर लाखागढ़ निवासी उद्योगपति द्वारा कब्जा कर दुकान का निर्माण करवाया गया था। जिसे ग्रामीणों की शिकायत पर प्रशासन द्वारा रोक कर हटाया गया था।
ग्राम लाखागढ़ एवं पिथौरा नगर के बीच स्थित निस्तार तालाब की जमीन पर उक्त उद्योगपति द्वारा ट्रैक्टर-ट्रॉली उद्योग लगाया गया है। जिसकी शिकायत ग्रामवासियों द्वारा स्थानीय तहसीलदार के पास लिखित में की गई थी। तहसीलदार द्वारा इसे हटाने की नोटिस भी जारी की थी, परन्तु यह अवैध कब्जा तो नहीं हटा बल्कि बुलंद हौसले के साथ उक्त उद्योगपति द्वारा तालाब की बरसात के बाद अभी सूख चुकी जमीन पर पुन: एक और दुकान निर्माण प्रारम्भ कर दिया गया है, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
चुनाव का फायदा उठा रहा उद्योगपति
ग्राम के जागरूक ग्रामीणों ने इस मामले की शिकायत स्थानीय तहसील कार्यालय में भी की है। ग्रामीणों ने बताया कि जिस तरह तालाब की भूमि पर भू-माफियाओं की नजर है और वे लगातार तालाब सूखते ही उस पर कब्जा कर रहे हैं, उससे लगता है वह दिन दूर नहीं ज़ब इस तालाब की जगह काम्प्लेक्स नजर आएंगे।
बताया जाता है कि वर्तमान में स्थानीय निकाय के चुनाव में अफसरों की व्यस्तता के चलते प्रशासन की आंखों में धूल झोंक कर दिन रात कार्य करवा कर सरकारी तालाब की जमीन कब्जा किया जा रहा है। ग्रामीणों द्वारा प्रशासन से तत्काल उक्त निर्माण पर रोक लगा कर अवैध कब्जा कर बनी दुकानों को हटाने की मांग की है जिससे निस्तार तालाब की उपयोगिता बनी रहे।
तहसीलदार से ग्रामीणों ने की शिकायत
उक्त तालाब की जमीन पर उद्योग लगाने की नीयत से किये जा रहे अवैध निर्माण की शिकायत ग्राम लाखागढ़ के ग्रामीणों ने स्थानीय तहसीलदार से की है। आवेदन में देवनारायण, जयसिंह, हमीद, ग्राम युवा समिति के पोमल एवम तारेंश कोसरिया सहित दर्जनों ग्रामीणों ने एक मत होकर शिकायत की है।
छह माह पूर्व भी की थी शिकायत
उक्त मामले में पोमल एवं तारेंश कोसरिया ने बताया कि करीब छह माह पूर्व एक शिकायत स्थानीय तहसीलदार के पास की गई थी,परन्तु अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई, लिहाजा अब बुलंद हौसलों से अवैध निर्माण प्रारंभ हो गया है।