महासमुन्द
महासमुंद, 23 जनवरी। रबी फसल के लिए धान का रोपा लगाने जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलटने से उसमें बैठी एक महिला की मौत हो गई, वहीं कई लोग घायल हो गए हैं। मामला खल्लारी थाना अंतर्गत प्राथमिक शाला के आगे खम्हरिया रोड का है।
पुलिस को प्रार्थी व छिंदौला निवासी कोमलचंद चक्रधारी ने बताया कि 22 जनवरी को उसकी मां लीला बाई चक्रधारी व गांव के अन्य 15-20 मजदूर रबी फसल के लिए धान का रोपा लगाने के लिए ग्राम छिंदौला से ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार होकर ग्राम कुरूभाठा थलेश चंद्राकर के खेत जा रहे थे।
थलेश चंद्राकर के ट्रैक्टर को भूपेंद्र ध्रुव (25 वर्ष) ग्राम कुरूभाठा चला रहा था। गांव के प्राथमिक शाला स्कूल के आगे खम्हरिया रोड पर ट्रैक्टर चालक भूपेंद्र ने वाहन को तेज एवं लापरवाही पूर्वक चलाकर भवन ठाकुर के खेत में एक्सीडेंट कर दिया, जिससे गाड़ी पलट गई।
ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार उसकी मां लीला बाई चक्रधारी के सिर, कंधा में गंभीर चोट आने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई, वहीं गांव की राही बाई चक्रधारी, सोहन लाल ठाकुर, निर्मला बाई एवं जोहतरी बाई यादव व अन्य लोगों को इलाज हेतु जिला अस्पताल महासमुंद ले जाया गया है। मामले में आरोपी चालक के विरूध्द धारा 281, 125, 106(1) बीएनएस कायम कर विवेचना में लिया गया है।