महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 जनवरी। चीन में फैले एचएमपीवी वायरस के भारत में 8 केस मिलने के बाद से मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल महासमुंद भी अलर्ट मोड पर आ गया है। हालंकि चिकित्सकों ने कहा है कि इससे घबराने की आवश्यकता नहीं है। लेकिन कोविड के समय बरती जाने वाली सावधानियां सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क तथा हाथों को बार-बार धोने जैसी अपनाना अनिवार्य है।
चिकित्सकों के अनुसार यह भी संक्रामक है जो खासतौर पर 14 वर्ष तक के बच्चों को सांस लेने में कठिनाई, बुखार आदि शामिल है। इसके रोकथाम के लिए उन्होंने हाथों को साबुन एवं साफ पानी से हाथ धोने, अस्पताल एवं अन्य भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर मास्क का उपयोग करने, बिना धुले हाथों से आंख, नाक या मुंह को न छूने, बीमार लोगों के निकट संपर्क से बचने, छींकते एवं खांसते समय मुंह को रूमाल / कपड़े से ढंकने, श्वसन तंत्र संबंधी लक्षण बीमारी होने पर घर पर ही रहने की सलाह दी है।
सीएमएचओ डॉ.पी. कुदेशिया ने कहा कि एचएमपीवी को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। अस्पतालों में तैयारियां की गई है। दवाओं का स्टाक पर्याप्त है। इसे लेकर घबरायें नहीं। बल्कि लक्षण मिलते ही उपचार कराएं।
डॉ. कुदेशिया के मुताबिक ह्यूमन मेटान्यूमो वायरस संक्रमण होने एवं लक्षण उत्पन्न होने के बीच के समय सामान्यत: 03-06 दिवस का होता है। जो खांसने या छींकने से निकलने वाले ड्रापलेटस, संक्रमित व्यक्ति से हाथ मिलाने के अलावा नजदीकी संपर्क में आने से, दूषित सतह पर हाथ लगाने पश्चात्, मुंह, नाक या आंखों को छूने से फैल सकता हैं। हाई रिस्क आयु समूह में 05 वर्ष से कम उम्र के बच्चे, शिशु, वृद्ध और विशेषकर 65 वर्ष अधिक आयु, कमजोर इम्यूनिटी वाले लोग, अस्थमा या सीओपीडी जैसी श्वसन समस्याओं से पीडि़त व्यक्तियों को अधिक जोखिम होता है।
कहा कि यह बच्चों को प्रभावित कर सकता है। इसके लक्षण भी हुबहू कोरोना की तरह ही है। इसे लेकर मेडिकल कॉलेज तथा जिला अस्पताल पूरी तरह से तैयार है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा अन्य स्वास्थ्य केन्द्रों को भी सतर्क रहने निर्देशित किया है। अस्पतालों में नॉर्मल पैरासिटामोल एंटी बॉयटिक दवाओं की स्टाक पूरा कर लिया गया है।
मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान में कुछ राज्यों में एचएमपीव्ही (ह्यूमन मेटान्यूमो वायरस) रोग के प्रकरण पाए जा रहे है। ह्यूमन मेटान्यूमो वायरस की खोज (एचएमपीव्ही) 2001 में किया गया था। यह एचएमपीव्ही न्यूमोविरिडे फैमिली से संबंधित है जो एक रेस्पिरेटरी सिंसिटियल वायरस (आरएसव्ही) की ही फैमिली है. यह आमतौर पर ऊपरी और निचले श्वसन तंत्र संक्रमण का कारण बनता है, जो सामान्य सर्दी या फ्लू के समान लक्षण पैदा करता है।
मालूम हो कि ह्यूमन मेटान्यूमो वायरस एक स्व-समिति संक्रमण है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पी. कुदेशिया ने बताया कि एचएमपीव्ही वायरस संक्रमण के सामान्य लक्षण में खांसी, नाक बहना, गले में खराश/जलन होता है।