महासमुन्द

पैसेंजर-एक्सप्रेस रद्द, यात्री हलाकान, बस में सफर महंगा साबित हो रहा
06-Jan-2025 2:27 PM
पैसेंजर-एक्सप्रेस रद्द, यात्री हलाकान, बस में सफर महंगा साबित हो रहा

 9 -10 से प्रारंभ होने की संभावना 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 6 जनवरी।
नववर्ष लगते ही रेल प्रशासन ने रायपुर-महासमुंद-विशाखापट्ट्नम मार्ग की दो अहम ट्रेनें 8 से 10 जनवरी तक रद्द कर दी  है। इससे यात्रियों को आवागमन में परेशानी हो रही है। रद्द की गई दो ट्रेनों में एक रायपुर जाने व आने वाली पैसेंजर है। जबकि दूसरी दुर्ग आने व जाने वाली एक्सप्रेस है। परिणाम स्वरूप लोग यात्री बस में दो-तीन गुना ज्यादा किराया देकर सफर करने विवश हैं। उन्हें बसों में बैठने तक के लिए सीट नहीं मिल रही है। सही समय पर बस उपलब्ध हो जाये, इसकी भी कोई गारंटी नहीं है। 

मिली जानकारी के अनुसार विशाखापट्टनम-रायपुर मार्ग में रेल प्रशासन ने 2 जनवरी से रायपुर-विशाखापट्टनम-लोकल एवं विशाखापट्टनम से दुर्ग एक्सप्रेस का संचालन रद्द कर दिया गया है। दोनों दिशाओं से रायपुर विशाखापट्टनम रूट की दुर्ग, भिलाई पॉवर हाउस लखौली, आरंग महानदी, बेलसोंड़ा, अरंड, महासमुंद, भीमखोज, बागबाहरा, कोमाखान, खरियार रोड़, नुआपाड़ा, लखना, हरिशंकर रोड़, तुरेकेला, काटाभांजी, मुरीबहाल, रहेनभांठा, टिटिलागढ़, केसिंगा, रूपड़ा रोड़, कंडिल रोड़, मुनीगुड़ा, बीसमकटक, आम्बादुला, दहीखाल आदि के लोगों की परेशानी बढ़ गई है। उक्त कुछ स्टेशनों में एक्सप्रेस का स्टापेज है। पर देर रात की इस गाड़ी में सब्जी आदि भारी मात्रा में ले जाया जाता है। वहीं दैनिक रेल यात्री भी ट्रेनें रद्द होने से परेशान हैं। अत: यात्रियों ने शीघ्र रद्द ट्रेनों को प्रारंभ करने की मांग की है।

प्रतिदिन चलने वाली यह ट्रेन रायपुर विशाखापट्टनम ट्रेन नम्बर 08528 सायं 5.40 बजे महासमुंद आकर रायपुर जाती है। वहां नाइट हल्ट के बाद वहां से सुबह 5.25 बजे रवाना होकर सुबह 6.35 बजे महासमुंद आकर विशाखापट्टनम जाती है। दूसरी एक अन्य ट्रेन दुर्ग विशाखापट्टनम ट्रेन नं 18529 जो दुर्ग से चलकर रात 9.50 बजे आकर विशाखापट्टनम जाती है। इसी तरह गाडी नं. 18530 विशाखापट्टनम से चलकर मध्य रात्रि 2 बजे आती है और अलसुबह दुर्ग पहुंचती है। 

बताया गया कि विशाखापट्टनम-रायपुर के मध्य रेलवे का कोई अहम कार्य चल रहा है। जिसके कारण इन दोनों ट्रेनों का परिचालन रद्द किया गया है। रेलवे सूत्रों की मानें तो नया रायपुर या कहीं आसपास तथा उधर ओडि़शा में भी नॉन इंटर लॉकिंग लिया हुआ है। जिसके परिणाम स्वरूप इस कार्य को प्रमुखता से पूर्ण करने के उद्देश्य से उक्त द्वय ट्रेनों का संचालन रद्द किया गया है। 

बहरहाल इन ट्रेनों का संचालन रद्द किये जाने से प्राय: हर वर्ग व्यापारी, सब्जी विक्रेता, दैनिक रेल यात्रियों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में कोई बाइक तो कोई सडक़ मार्ग के माध्यम से बसों में सफर करने विवश हैं। बसों का किराया लोगों की जेबें खाली कर रहा है। एक तो समय पर बस नहीं मिलती। ऊपर से ट्रेनों की अपेक्षा बस में दो तीन गुना अधिक किराया है। याने महंगे में व सीट के अभाव में बस में सफर काफी महंगा साबित हो रहा है। छग राज्य में डबल इंजन की सरकार है। फिर भी लोग आवागमन परेशानी झेल रहे हैं। यात्रियों में आक्रोश है। 
 


अन्य पोस्ट