महासमुन्द

शिवानंद सरस्वती योग भवन में प्रशिक्षण शिविर का समापन, 55 लोगों ने लिया लाभ
31-Dec-2024 3:03 PM
शिवानंद सरस्वती योग भवन में प्रशिक्षण शिविर का समापन, 55 लोगों ने लिया लाभ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 31 दिसंबर।
शिवानंद सरस्वती योग भवन में ग्यारह दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का समापन किया गया। योग शिविर दिव्य जीवन संघ, शिवानंद योग मित्र मंडल एंव शिवानंद मातृशक्ति द्वारा आयोजित किया गया था। समारोह में शिवानंद योग मित्र मंडल के अध्यक्ष चंद्रशेखर साहू द्वारा प्रतिवेदन पठन किया गया। 

मालूम हो कि योगाचार्य स्वामी विद्यानंद सरस्वती के निर्देशन में योग शिविर का लगातार 34 वां वर्ष है। उन्होंने बताया कि शिविर में प्रत्येक दिन सुबह आसान, प्राणायाम एवं ध्यान, शाम को प्राणायाम, योगनिद्रा एवं त्राटक एंव दोपहर सत्र में महिलायों को योग का अभ्यास कराया गया। इस योग शिविर में कुल 55 पुरुष, महिलाएं एवं बच्चे शामिल हुए। बीते 29 दिसम्बर को कॉंदकेरा के जंगल में जलनेति, कुंजल एवं दीर्घ शंख प्रक्षालन क्रिया में 30 योगाभ्यार्थियों ने लाभ लिया। 

इसी तरह नगर के फॉरेस्ट ग्राउंड में स्वामी द्वारा वन विभाग कर्मचारियों के लिए तीन दिवसीय योगाभ्यास कराया गया। समारोह में योग प्रशिक्षण शिविर शिवानंद कुटीर योगासन के संचालक एवं योगाचार्य स्वामी विद्यानंद सरस्वती ने कहा कि योग एक युक्ति है। आसन का अभ्यास भावनाओं को नियंत्रित करता है, मानसिक शांति लाता है और शरीर के विभिन्न अंगों में प्राणों का समुचित वितरण करता है। इससे शरीर के आंतरिक अंगों की मालिश होती है और वे सुचारू ढंग से कार्य करते हैं। योगासनों से रोग का निदान और स्वास्थ्य का वर्धन होता है।

उन्होंने कहा कि योग भवन में योग शिविर का आयोजन एवं नियमित योगाभ्यास के कार्यक्रम होते रहना चाहिए। योग साधक चोइथराम राजपाल एंव दाउलाल चन्द्राकर ने योग शिविर से मिलने वाले लाभ का अनुभव बताया। योग प्रशिक्षण का पूरा कार्यक्रम योग प्रशिक्षण शिविर शिवानंद कुटीर योगासन के संचालक एवं योगाचार्य स्वामी विद्यानंद सरस्वती के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन तारेंद्र चंद्राकर ने किया। कार्यक्रम में परमानंद बजाज, रामनिवास चंद्राकर, किशोर शुक्ला, डॉ रामकुमार चंद्राकर, अश्वनी तिवारी, विजय नंदवानी, प्रदीप चन्द्राकर, शिवनाथ बोस, देवेंद्र चंद्राकर, अजय गुप्ता, महेन्द्र साहू, सोहन चन्द्राकर,भरत सिन्हा, चन्द्रिका चन्द्राकर,महेश ध्रुव आदि उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट