महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 दिसंबर। पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विमल चोपड़ा ने साथियों संग शुक्रवार सुबह 11 बजे एसडीएम कार्यालय परिसर में राजस्व विभाग के छोटे बड़े प्रकरणों के समस्याओं से पीडि़त लोगों और किसानों की बात सुनी। इस भेंट मुलाकात के दौरान एसडीएम कार्यालय परिसर में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
डॉ. चोपड़ा ने एसडीएम से फोन पर बात की तो एसडीएम ने चुनाव कार्य में ड्यूटी के कारण अनुपस्थित होना बताया। उन्होंने तहसीलदार को फ ोन किया गया तो उन्होंने फोन रिसीव ही नहीं किया। डॉ. चोपड़ा ने फरियादियों की बातें सुनी और अधिकारियों की शिकायत क्षेत्र के सांसद से फ ोन पर की। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा को भी त्वरित फोन कर समस्या बताई। मंत्री ने जिला कलेक्टर से बात कर सभी मामलों के निराकरण के निर्देश दिए। डॉ.चोपड़ा ने आगे कहा कि लिपिकीय कार्यों में लोगों के प्रकरणों को बाबू द्वारा टाइपिंग करते समय त्रुटि कर दिया जाता है और उस त्रुटि के सुधार हेतु पक्षकार को पेशी और कार्यालय का चक्कर लगवाया जाता है। जबकि प्रकरण में जानबूझकर किए गए त्रुटि को एसडीएम या तहसीलदार द्वारा स्व मोटो सुधार किया जा सकता है, पर ऐसा नहीं होता।
एसडीएम और तहसीलदार के अनुपस्थित रहने पर डॉ. चोपड़ा और साथियों ने कलेक्ट्रेट जाना सुनिश्चित किया और कलेक्टर से मिल कर सभी विषयों को उनके समक्ष रखा। कहा कि डेढ़ माह पहले निर्देश दिए जाने के बाद भी प्रकरणों पर कोई प्रगति नहीं दिखी। जिस पर कलेक्टर ने गंभीरता पूर्वक डॉ.चोपड़ा की बातों को सुनकर एसडीएम और तहसीलदार को तुरन्त निर्देश दिया कि जल्द से जल्द प्रकरणों का निराकरण अगले सोमवार तक किया जाए।