महासमुन्द

कांग्रेस ने निकाला सम्मान मार्च, राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा
25-Dec-2024 3:22 PM
कांग्रेस ने निकाला सम्मान मार्च, राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 दिसंबर।
कांग्रेसियों ने मंगलवार को बाबा सम्मान मार्च निकालकर एसडीएम कार्यालय महासमुंद के अनुविभागीय अधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा । डॉ. अंबेडकर के समर्थन में नारे लगाए और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा संसद में बाबा साहब के लिए की गई अपमानजनक टिप्पणी के निहित स्पष्टीकरण देने और माफी मांगने की मांग की।

ज्ञात हो कि संविधान पर चर्चा के दौरान राज्यसभा में देश के गृहमंत्री अमित शाह के द्वारा संविधान निर्माता बाबा साहब भीमराव अंबेडकर पर कथित अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में कांग्रेस ने राष्ट्रीय स्तर पर मंगलवार को सभी जिला मुख्यालय में इसका आयोजन किया था। इसका उद्देश्य मंत्रिमंडल से अमित शाह की बर्खास्तगी और अमर्यादित टिप्पणी पर उनकी माफी है।

कांग्रेसियों ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह के द्वारा की गई टिप्पणी को बड़े पैमाने पर सार्वजनिक प्रतिक्रिया मिल रही है। वास्तव में हमारे संविधान के निर्माता के प्रति अनादर की भावना भारतीय जनता पार्टी के सदस्यों के अहंकार का उच्चतम शिखर है। डॉ. अंबेडकर के कद और भारत के नागरिकों में उनके प्रति सम्मान को देखते हुए या स्पष्ट है कि श्री अमित शाह की टिप्पणी ने करोड़ों भारतीयों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। अत: राष्ट्रपति से आग्रह करते हैं कि गृह मंत्री अमित शाह को पद से तुरंत बर्खास्त करें। उन्हें डॉ. भीमराव अंबेडकर के खिलाफ की गई टिप्पणी के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने का निर्देश दें। 

सम्मान मार्च में खिलावन बघेल शहर अध्यक्ष, कृष्णा चंद्राकर उपाध्यक्ष नगर पालिका, संजय शर्मा पूर्व प्रभारी महामंत्री, प्रदीप चंद्राकर महामंत्री, गुरमीत चावला प्रभारी महामंत्री, पूर्व एल्डरमेन सुनील चंद्राकर, जावेद चौहान, पूर्व अध्यक्ष जसबीर ढिल्लो, मोती साहू, प्रकाश अजमानी, नितेंद्र बैनर्जी, बसंत चंद्राकर, सन्नी महानंद, धर्मेंद चंद्राकर, बबलू महानंद, तुलसी देवदास, भानु सोनी एवं अन्य कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित थे।
 


अन्य पोस्ट