महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,19 दिसंबर। जिला प्रशासन एवं आदिवासी विकास विभाग महासमुंद के द्वारा कल गुरु घासीदास जयंती के अवसर पर ग्राम मनबाय, ग्राम पंचायत सोनापुटी विकासखंड बागबाहरा में जिला स्तरीय अस्पृश्यता निवारण सद्भावना शिविर का आयोजन किया गया, साथ ही सर्व समाज हेतु सहभोज का आयोजन किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हर साल गुरुघासीदास जयंती के शुभ अवसर पर जिला प्रशासन एवं आदिवासी विकास विभाग के द्वारा यह आयोजन प्रतिवर्ष जिले के किसी एक अनुसूचित जाति बाहुल्य ग्राम में आयोजित किया जाता है। इसी क्रम में इस वर्ष यह आयोजन बागबाहरा विकासखंड के ग्राम मनबय में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय कलाकार एवं छात्रावासी बच्चों के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम पंथी, कर्मा, सुवा नृत्य प्रस्तुत किया गया। साथ ही अस्पृश्यता समाज के लिए कलंक विषय पर भाषण एवं निबंध प्रतियोगिता भी विद्यालयीन छात्रों के लिए आयोजित किया गया।
भाषण प्रतियोगिता में समीर सोनवानी, ऋषभ बंजारे एवं लिसा दीवान ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार निबंध प्रतियोगिता में समीर सोनवानी, ऋषभ बंजारे एवं सुहाना दीवान ने क्रमश:प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रथम पुरुस्कार 500, द्वितीय को 300 एवं तृतीय स्थान प्राप्त 200 रुपए दिया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुति हेतु प्रोत्साहन स्वरुप 1000 की राशि आदिवासी कन्या आश्रम एवं प्री मेट्रिक अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास बागबहरा के छात्राओं को दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथि सभी समाज के ग्रामीण जन एवं छात्र-छात्राओं ने सामूहिक भोज का आनंद भी लिया।
कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग के द्वारा 4 गर्भवती माताओं की गोद भराई एवं दो नन्हें बच्चों का अन्न प्रासन्न भी कराया गया। कार्यक्रम के अंत में कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जनपद पंचायत बागबहरा की अध्यक्ष स्मिता हितेश चंद्राकर ने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा गुरुघासीदास के द्वारा बताया गया सत्य मार्ग और मनखे मनखे एक समान लोगों को स्वीकार करते हुए समाज में एक साथ मिलकर रहना और एकजुटता के साथ कार्य करना है।
अन्य अतिथियों में हितेश चंद्राकर, डॉली ध्रुव, हबेल ठाकुर सरपंच, अवध राम चक्रधारी उप सरपंच, पुराणिक निराला, भुवन कुमार, मधु नारंग, इंद्रा बंजारे, पी.आर.बंजार, ललित निराला उपस्थित हुए। कार्यक्रम के आयोजन में तहसीलदार बागबहरा जुगल किशोर पटेल, पटवारी निशा अली, महिला पर्यवेक्षक सरोजनी आदित्य, पंचायत विभाग से मानसिंह बरिहा उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन आदिवासी विकास विभाग से अधीक्षक निलेश खांडे ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु खंड प्रभारी बागबाहरा मनोज चौधरी, अन्य अधीक्षक मिथिलेश चंद्राकर,मदन चौधरी, नवीन घृतलहरे, दिनेश दीवान के अलावा विकासखंड बागबहरा के समस्त चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने अपना योगदान दिया।