महासमुन्द

धान के मेगा जाम को स्टेक के लिए भूसा नहीं
14-Dec-2024 3:15 PM
धान के मेगा जाम को स्टेक  के लिए भूसा नहीं

बेस नहीं डाला गया तो दीमक, चूहे धान को चट कर जाएंगे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,14 दिसंबर।
इस साल आनन-फ ानन में हुई धान खरीदी की तैयारियों का खामियाजा अब प्रशासन को भुगतना पड़ रहा है। धान खरीदी के एक दिन पूर्व तक सोसायटी कर्मियों की हड़ताल ने भी हद तक तैयारियों को प्रभावित किया। फलस्वरूप संग्रहण केंद्र में धान का स्टेक बनाने के लिए विभाग भूसा धान छिलका व्यवस्था अभी तक नहीं कर पाई है। मिलर्स के पास जितना भी भूसा था,उसे समितियां पहले ही खरीद चुकी। 

गत वर्ष सोसायटियों से सीधा धान मिलर्स के पास ले जाया जा रहा था। इस बार मिलर्स ने अब तक अनुबंध नहीं कराया है। फलस्वरूप प्रशासन को संग्रहण केंद्र बनाने की आवश्यकता पड़ रही है। जिले के अनेक सोसायटियों में रायगढ़ से धान का भूसा मंगाया गया।

अब संग्रहण केंद्र के लिए भूंसा नहीं मिल पा रहा और जहां मिल रहा वहां इसका रेट 4800 रुपए टन से बढक़र अब 5800 रुपए हो चुका है। वैसे भी धान का उठाव इस बार कछुआ गति से चल रहा है। यदि संग्रहण केंद्रों में धान के स्टेक के लिए भूसा का बेस नहीं डाला गया तो धान दीमक, चूहे चट कर जाएंगे। 

मिली जानकारी के अनुसार समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को शुरू हुए एक महीने बीत गए। लेकिन समितियों में डंप धान को लेकर शासन प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई है। परिवहन नहीं होने से आने वाली सूखत का खामियाजा भी इन्ही के माथे चढऩे के संकेत मिल रहे हैं। जिला विपणन विभाग की माने तो अभी तक जिले में 73093 किसानों से 378070.56 टन धान की खरीदी कर ली गई है। जिसमें से मात्र 11809.60 टन ही धान का उठाव हुआ है। जिसके चलते उपार्जन केन्द्रों में मेगाजाम की स्थिति बनी हुई है।


अन्य पोस्ट