महासमुन्द

पटवारी मांगों को लेकर एक बार फिर आंदोलन पर
10-Dec-2024 2:55 PM
पटवारी मांगों को लेकर एक बार फिर आंदोलन पर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 10 दिसंबर। जिले भर के राजस्व पटवारी अपनी पुरानी मांगों को लेकर एक बार फिर आंदोलन पर हैं। कल पहले दिन जिले भर के पटवारियों ने बाजुओं में काला फ ीता लगाकर काम किया।

 राजस्व पटवारी संघ छत्तीसगढ़ के जिला अध्यक्ष संतोष सोनी ने बताया कि वर्तमान में राजस्व संबंधी सभी कार्य ऑनलाइन किया जा रहा है। इसके अलावा कृषि संगणना, फसल कटाई प्रयोग भी ऑनलाइन मोबाइल एप या फिर कम्प्यूटर के माध्यम से किया जाता है। लेकिन पटवारियों को किसी भी प्रकार का संसाधन या संसाधन भत्ता उपलब्ध नहीं कराया जाता। पटवारी निजी अथवा किराए पर लिए गए संसाधन के जरिए कार्य संपादित कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि राजस्व विभाग में बढ़ती आनलाइन प्रणाली के वाद भी तकनीकी संसाधन उपलब्ध नहीं कराने से संसाधन की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।

आंदोलन के तहत सभी पटवारी कल काला फीता तथा कपड़ा पहनकर काम किया। यही नहीं मांग पूरी होने तक वे प्रत्येक सोमवार को काले कपड़े पहनकर काम करेंगे। आगामी 15 दिसंबर के बाद पटवारी सभी प्रकार के ऑनलाइन कार्यों और 16 दिसंबर से सभी वाट्सएप ग्रुप का बहिष्कार करेंगे।

श्री सोनी ने बताया कि इस संबंध में राजस्व पटवारी संघ की प्रांतीय बैठक रायपुर में हुई। जिसमें जिलाध्यक्ष व प्रांतीय कार्यकारिणी ने ऑनलाइन कार्यों में आ रही समस्याओं से अवगत कराया। संघ ने शासन से समस्या का जल्द निराकरण की मांग करते हुए चेतावनी दी कि स्थिति में सुधार नहीं होने पर पटवारी 16 दिसंबर से सभी प्रकार के ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार करने बाध्य होंगे। इसके पूर्व मांगों को लेकर राजस्व पटवारी संघ छत्तीसगढ़ के बैनर तले पटवारी 11 दिनों तक हड़ताल पर थे। तब राजस्व जस्व मंत्री और राजस्व सचिव ने अक्टूबर तक मांग पूरी करने का आश्वासन दिया था, पर मांग अब तक पूरी नहीं हुई जिसके चलते फिर से चरणबद्ध आंदोलन करना पड़ रहा है।


अन्य पोस्ट