महासमुन्द
महासमुंद, 23 नवम्बर। स्व.राजा वीरेंद्र बहादुर सिंह शासकीय महाविद्यालय बसना में छात्रों के समग्र विकास के लिए व्यक्तित्व विकास पर आधारित मूल्य संवद्र्धित पाठ्यक्रम का शुभारंभ किया गया। मुख्य वक्ता डॉ.उषाकिरण अग्रवाल प्राचार्य मनोवैज्ञानिक ने मूल्य संवद्र्धित पाठ्यक्रम के प्रथम दिवस के प्रारम्भ में सभी पंजीकृत विद्यार्थियों को पहले विषय की जानकारी दी एवं महत्त्वपूर्ण पहलुओं को बताया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। मुख्य अतिथि एवं वक्ता डा. उषाकिरण अग्रवाल प्राचार्य ने छात्रों को व्यक्तित्व के महत्त्व और इसे निखारने के तरीकों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनकी अच्छाइयों और कमियों पर मंथन करवाया और बताया कि जीवन में बुद्धि, चरित्र और मन:स्थिति का संतुलन ही सफलता की कुंजी है।
उन्होंने चिंता और मानसिक अवरोधों को समझने और इन्हें दूर करने के उपायों पर भी मार्गदर्शन दिया।
अपने वक्तव्य में उन्होंने विशेष रूप से व्यक्तित्व निर्माण में माता-पिता की भूमिका को सबसे महत्वपूर्ण बताया। इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता पी.के. भोई अंग्रेजी विभागाध्यक्ष ने की। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ.संध्या भोई हिंदी विभागाध्यक्ष उपस्थित रहीं। मंच संचालन शब्या पटेल सहायक प्राध्यापक रसायन शास्त्र ने किया।