महासमुन्द
गाइड व जिप्सी संघ की बेमुद्दत हड़ताल शुरु, पूर्व की तरह व्यवस्था बहाल करने की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 19 नवंबर। बार अभ्यारण्य में अफसरों पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए परेशान गाइड एवं जिप्सी संघ द्वारा अनिश्चित कालीन हड़ताल प्रारम्भ कर दी है। दोनों संघ विभाग से पूर्व की तरह व्यवस्था बहाल करने की मांग कर रहे हंै।
ज्ञात हो कि इस वर्ष सफारी करने वालों को बार प्रवेश की अनुमति नहीं है। उनके लिए अभ्यारण्य के मुहाने से ही जिप्सी और गाइड लेना होगा। जिससे जिप्सी मालिक और गाइड दोनों परेशान हंै।
जिप्सी गाइड संघ के अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण ठाकुर ने बताया कि अभी बार अभ्यारण्य में सफारी के लिए पर्यटकों को बार के पर्यटक ग्राम नहीं जाने दिया जा रहा है। सफारी में जाने वाले पर्यटकों को अभ्यारण्य के मुहाने के ग्राम रवान पकरीद एवम बरबसपुर में रोक कर वहीं से जिप्सी एवम गाइड ले जाने मजबूर किया जा रहा है। इस हिटलरी कदम से बार अभ्यारण्य की रौनक समाप्ति की कगार पर है क्योंकि सफारी में जाने वाले पर्यटकों को जंगल के अंदर ले जाकर घुमाने की बजाय अभ्यरण्य की परिक्रमा कराई जा रही है। वर्तमान में अधिकांश पर्यटक ऐसे आ रहे हैं, जो कि अनेक बार सफारी का आनंद ले चुके है वे वर्तमान व्यवस्था से सन्तुष्ट नहीं है।लिहाजा भविष्य में बार अभ्यारण्य में पर्यटकों का टोटा पडऩे से वन ग्रामों के युवाओं का रोजगार जिप्सी संचालन एवम गाइड कार्य खतरे में पड़ सकता है।
गाइड और जिप्सी दोनों को ही रहा नुकसान
उक्त मामले में जिप्सी एवम गाइड संघ के पदाधिकारी परेशान है। अपनी व्यथा सुनाते हुए उन्होंने बताया कि उन्हें सुबह से अपना घर छोड़ कर अभ्यारण्य के मुहाने में पहुचना होता है। वर्तमान व्यवस्था में वे एक से अधिक बार पर्यटकों को लाना ले जाना नहीं कर सकते, जबकि उन्हें घर से अभ्यारण्य के मुहाने तक पहुंचने में 100 रुपये खर्च आता है। जिससे उन्हें प्रतिदिन 100 रुपये का नुकसान हो रहा है।
जीविका के लिए संघर्ष
पर्यटकों से ही रोजी रोजगार चलाने वाले गाइड एवं जिप्सी संचालकों ने बताया कि पूर्व में भी पर्यटक उक्त तीनों जांच चौकी से टैक्स आदि देकर ही पर्यटक ग्राम पहुंचते थे। यहां बार में छोटे छोटे दुकानदार एवं होटल संचालकों का रोजगार भी इन्ही पर्यटकों से चलता था, परन्तु अब पर्यटक ग्राम बार नहीं आ पाते, जिससे इन छोटे दुकानदार एवम छोटे छोटे होटल संचालक अपनी जीविका के लिए संघर्ष करते दिख रहे हंै।
हड़ताल की जानकारी नहीं-अधीक्षक
दूसरी ओर बार अभ्यारण्य के अधीक्षक आनन्द कुदरिया ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि जिप्सी एवं गाइड संघ की हड़ताल की उन्हें कोई जानकारी नहीं है। किसी ने भी न अपनी मांग बताई न कोई हड़ताल की जानकारी दी है। संघ को पहले विभाग को जानकारी दी जानी थी। उनकी मांग न मानी जाती, तभी कोई कदम उठाया जाना था।