महासमुन्द

धान खरीदी की तैयारियां पूरी, ऑनलाइन टोकन पर खरीदी होगी शुरू
13-Nov-2024 2:49 PM
धान खरीदी की  तैयारियां पूरी, ऑनलाइन टोकन पर खरीदी होगी शुरू

 25 फ ीसद वेतन वृद्धि पर बनी सहमति: सहकारी समिति कर्मचारियों की हड़ताल खत्म

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,13नवंबर। सहकारी समिति कर्मचारियों की हड़ताल कल 25 फ ीसद वेतन वृद्धि पर बनी सहमति के बाद समाप्त हो गई हैं। हड़ताल समाप्त होते ही आज से ही सहकारी कर्मचारी सोसायटियों में लौट गये हैं। लौटते ही कर्मचारी 14 नवम्बर को शुरू होने वाली धान खरीदी की तैयारियों में जुट गये हैं। हालांकि कर्मचारियों की हड़ताल के चलते मैन्युअल टोकन नहीं कट पाया है। लेकिन किसानों द्वारा काटे गये ऑनलाइन टोकन पर ही 14 को खरीदी का श्री गणेश होगा। कल देर रात तथा आज सुबह तक अधिकांश सोसायटियों में बारदाना पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। आज राशन दुकानों के ताले भी खुल चुके हैं। पिछले 9 दिनों से सहकारी कर्मियों की हड़ताल की वजह से जिले भर में संचालित सहकारी समिति की 393 राशन दुकानों में भी ताला लटक गया था। फलस्वरूप त्यौहारी सीजन में गरीब राशन उपभोक्ताओं को राशन के लाले पड़े थे। उन्हें 30 रुपए प्रति किलो के हिसाब से बाजार से चावल खरीद कर भरण पोषण करना पड़ रहा था।

हड़तालियों के मुताबिक एक माह के भीतर उठाव नहीं तो सूखत का प्रस्ताव मुख्यमंत्री के निर्देशों के परिपालन में आयुक्त सहकारिता विभाग द्वारा सहकारी समिति कर्मचारी सेवा नियम में संशोधन किये जाने के आदेश 11 नवम्बर 2024 को जारी कर दिये गए हैं। इसमें समिति के कर्मचारियों के वेतन एवं भत्तों में 25 प्रतिशत की वृद्धि स्वीकृत कर दी गई है। जिसमें सभी कर्मचारियों में हर्ष एवं उल्लास व्याप्त है। खाद्य विभाग द्वारा इस आशय का पत्र भी जारी कर दिया गया है। सहकारी समितियों से मिली जानकारी के मुताबिक सहकारी कर्मियों की ओर से अब धान खरीदी में किसी भी प्रकार की असमंजस की स्थिति नहीं है। सभी कर्मचारी अपनी-अपनी संमितियों में कार्य में वापस आ गए हैं तथा कल 14 नवम्बर 2024 से प्रारंभ हो रही धान खरीदी की समुचित व्यवस्था में लग गए हैं। कर्मचारियों द्वारा यह भी आश्वस्त किया गया है कि किसानों को धान उपार्जन के दौरान किसी प्रकार की कोई कठिनाई नही होगी। धान उपार्जन केन्द्रों में सभी आवश्यक तैयारी 13 नवम्बर 2024 तक पूर्ण कर ली जाएगी। लापरवाही नहीं बरती जायेगी।  कल देर रात जिले की सोसायटियों में कर्मचारी स्टेक बेस प्रकाश व्यवस्था तथा मैदान की गोबर से लिपाई सहित प्रमुख तैयारियों में जुट गये हैं। पिछले 4 नवम्बर से जिले भर के 700 सहकारी कर्मचारी 3 सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल पर चले गये थे। इससे धान खरीदी की प्रारंभिक तैयारियां जैसे तराजू का भौतिक सत्यापन, साफ.सफाई, स्टेक बेस, बारदाना जैसी तैयारियां बुरी तरह से प्रभावित थीं। माना जा रहा था कि यदि सहकारी कर्मियों की हड़ताल इसी तरह से चलती रही तो खरीदी की तिथि भी आगे बढ़ सकती है। इस बीच कल ही जिले भर के प्रबंधकों ने धान खरीदी का बहिष्कार कर कलेक्टोरेट में ज्ञापन सौंपा था। महज 3 दिन पहले सौंपे ज्ञापन रंग लाया और मांगों पर सकारात्मक वृद्धि का आदेश शासन ने दिया। अब 14 से सुचारू रूप से खरीदी शुरू हो जायेगी। खरीदी की अवधि को लेकर दीवार लेखन का कार्य किया गया है। वहीं किसानों के बैंक खातों के मिलान का कार्य पूर्ण कर लिया गया है।

धान खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधा हेतु स्थल की साफ. सफाई, पेयजल, किसानों के बैठने हेतु छायादार स्थान, त्रुटिरहित धान खरीदी हेतु कांटा-बांट अथवा इलेक्ट्रॉनिक कांटा का सत्यापन, मॉइश्चर मीटर का कैलीब्रेशन किया गया है। उपार्जन केंद्रों में कैप कवर, बारदाने की व्यवस्था, कम्प्यूटर सेट, प्रिंटर, इंटरनेट सुविधा सहित अन्य व्यवस्थाएं की गई हैं।

 उन्होंने अधिकारियों को धान खरीदी कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के सख्त निर्देश दिए हैं।  मालूम हो कि कलेक्टर ने धान खरीदी केन्द्रों में धान खरीदी की सतत निरागनी रखने तथा कोचियों एवं बिचौलियों से अवैध धान की खरीदी-बिक्री पर सख्त कार्रवाई करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया है। धान खरीदी केन्द्रों में मॉनिटरिंग के लिए नोडल अधिकारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है। उपार्जन समाप्त होने के एक माह के अंदर धान का उठाव राइस मिलर्स एवं विपणन संघ द्वारा किया जाएगा। यदि इसके पश्चात् सो उपार्जन केन्द्रों में धान शेष रहता है तो भी विभाग द्वारा सहकारी समितियों को खाद की सूखत दिये जाने संबंधी प्रस्ताव वित्त विभाग को प्रेषित किया जाएगा।


अन्य पोस्ट