महासमुन्द
इस बार भी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो चुनाव बहिष्कार- चक्काजाम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,12 नवंबर। जिले के सरायपाली ब्लॉक के कोकड़ी से गांव में पुल, सडक़, नल जल योजना से पानी सप्लाई, स्कूल में हेड मास्टर सहित मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर ग्रामीण पैदल मार्च कर एसडीएम दफ्तर पहुंचे।
उन्होंने बताया कि भिखापाली और कोकड़ी को जोडऩे वाली सडक़ पर एक नाला हैं जिसमें आजतक पुल नहीं बना। पुल नहीं होने से बरसात के दिनों में ग्रामीण और स्कूली बच्चों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता हैं।
उन्होंने बताया कि गांव के लोगों को अस्पताल, स्कूल और सरायपाली जाने में दिक्क़त होती हैं। ग्रामीण कई बार शासन-प्रशासन को भी समस्या से अवगत करा चुके हैं। लेकिन अभी तक किसी ने कोई ध्यान नहीं दिया। इसके बाद कोकड़ी के ग्रामीणों ने कोकड़ी से सरायपाली तक पैदल मार्च निकाला और सरायपाली एसडीएम कार्यालय पहुंचकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा तथा पुल बनवाने की मांग की। कोकड़ी के ग्रामीण उत्तम पटेल ने बताया कि हम लोग शांति पूर्वक पैदल मार्च निकालकर अधिकारियों को समस्याओं से अवगत करा रहे हैं। इस बार भी हमारी समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आगे चुनाव बहिष्कार और चक्काजाम करेंगे।
गौरतलब है कि ग्राम कोकड़ी सरायपाली से महज 7 किमी की दूरी पर है और यहां की आबादी 700 के लगभग है। मरार समाज बाहुल्य गांव के लोग एक पुल व पक्की सडक़ के लिए कई वर्षो से जनप्रतिनिधियों से फरियाद कर चुके हैं, पर आज तक किसी ने कोई कारगर कदम नहीं उठाया है। बहरहाल अब देखना होगा कि शासन-प्रशासन इस बार इनकी मांगों को लेकर कितना संजीदा है।