महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,12 नवंबर। शिक्षा प्रत्येक व्यक्ति के लिए बहुत आवश्यक है। व्यक्ति समाज और राष्ट्र के उत्थान में शिक्षा की अहम् भूमिका है। राष्ट्रीय शिक्षा दिवस का एक बड़ा उद्देश्य शिक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करना और सभी को शिक्षा की मुख्यधारा में शामिल करना है। भारत सरकार के द्वारा 6 से लेकर 14 वर्ष तक अनिवार्य एवं नि:शुल्क शिक्षा अभियान चलाया जा रहा है। राष्ट्रीय शिक्षा दिवस का उद्देश्य भारत के सभी स्कूल, कॉलेज, संस्थानों को मजबूत करके शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार करना है। उक्त बातें राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के अवसर पर खरोरा मिडिल स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में प्रधान पाठक उमेश भारती गोस्वामी ने कही।
इस अवसर पर संस्था के वरिष्ठ शिक्षक डोमार राम साहू ने शिक्षा के महत्व पर एक छत्तीसगढ़ी सब लइका निकल गे स्कूल जाए बर हो गीत प्रस्तुत किया। शिक्षिका रामेश्वरी ध्रुव ने शिक्षा को जीवन का आधार बताया। बाल संसद के प्रधान मंत्री रीना टंडन ने कहा कि भारत के पहले शिक्षा मंत्री के रूप में मौलाना अबुल कलाम आजाद ने ग्रामीण गरीबों और लड़कियों को शिक्षा प्रदान करने पर ध्यान केन्द्रित किया।
उन्होंने वयस्क साक्षरता को बढ़ावा दिया। कु.् दिलेश्वरी कापरे ने कहा कि शिक्षा से ही भारत देश महान है। कार्यक्रम का संचालन करते हुए शिक्षक दुबे कुमार पटेल ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा दिवस पर स्वतंत्र भारत के पहले शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आजाद की जयंती मनाई जाती है। मौलाना आजाद ने शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व योगदान दिया। कार्यक्रम के आयोजन में मोना चन्द्राकर,बाल संसद, जयहिन्द व इंडियन कालेज के छात्राध्यापकों का सराहनीय योगदान रहा।