महासमुन्द

मिशन की जमीन पर कब्जा की कोशिश, विरोध-प्रदर्शन
12-Nov-2024 2:31 PM
मिशन की जमीन पर कब्जा की कोशिश, विरोध-प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पिथौरा, 12 नवंबर। चर्च ऑफ नार्थ इंडिया की जमीन पर क्षेत्र के कुछ रईसों द्वारा कब्जा करने के प्रयास के विरोध में शनिवार को मसीही समाज के सैकड़ों लोग पिथौरा पहुंच कर पुलिस थाना के समक्ष प्रदर्शन किया। इस दौरान एसडीएम ने मसीही समाज के एक प्रतिनिधि मंडल से चर्चा कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

ज्ञात हो कि क्षेत्र की अधिकांश सरकारी खाली पड़ी जमीन अब किसी न किसी भू माफिया या उनके करीबियों के नाम दर्ज हो गई है। सरकारी जमीन नहीं होने के कारण अब भू माफियाओं की नजर मौके पर स्थित संस्था की बेशकीमती जमीन पर पड़ गई है। पिथौरा थाना चौक से लगी बेशकीमती करोड़ों की जमीन पर भी इनकी नजर थी।

लिहाजा उक्त मिशन की भूमि को कब्जा करने पहले जमीन के केयरटेकर से मामला प्रारंभ किया गया और उक्त बेशकीमती जमीन को केयरटेकर ने अपने ही पुत्र के नाम दान रजिस्ट्री करवा दी। अधूरे दस्तावेज होने के बाद भी स्थानीय रजिस्ट्रार ने जमीन की रजिस्ट्री कर दी।

एक पिता के अपने ही पुत्र को जमीन दान देने की बात सुन कर अफसर भी चौंक गए और मामले की जानकारी कलेक्टर को दी। इसके बाद कलेक्टर के निर्देश पर स्थानीय एसडीएम द्वारा मामले की जांच हेतु टीम गठित की है।


अन्य पोस्ट