महासमुन्द
महासमुंद, 5नवंबर। जिले की सहकारी समितियों की हड़ताल की वजह से जिले की 50 प्रतिशत शासकीय उचित मूल्य की दुकानों में तालाबंदी की स्थिति निर्मित हो गई है। त्यौहार के बाद प्राय: प्रत्येक हितग्राहियों को राशन की आवश्यकता है। ऐसे समय में एकाएक हड़ताल से कामकाज पूरी तरह ठप है। आगामी 15 नवम्बर से की जाने वाली धान खरीदी की तैयारियां प्रभावित हो रही है। सूखत की मांग को लेकर प्रदेश भर की सहकारी समितियां अपनी मांगों को लेकर मोर्चा खोल दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार गत वर्ष बारदाना की राशि, ब्याज, अनुदान अभी तक समितियों को अप्राप्त है। पूर्व में समिति के सदस्यों ने मंत्रियों को ज्ञापन सौंपा था। लेकिन इस पर किसी भी तरह की कार्रवाई नहीं हुई। अंतत: आक्रोशित सहकारी कर्मियों ने आंदोलन शुरू कर दिया। कल सोमवार को जिले भर की सहकारी समितियों द्वारा संचालित राशन दुकानें 50 प्रतिशत बंद रही। फलस्वरूप हितग्राहियों को चावल, मिट्टी तेल, शक्कर तथा अन्य सामग्री उपलब्ध नहीं हो सकी। हड़तालियों में प्रबंधक, लिपिक, सहा.लिपिक, ऑपरेटर, विक्रेता, चपरासी, चौकीदार शामिल हैं। यदि शीघ्र इनकी मांग पूरी नहीं होती तो 15 नवम्बर से प्रारंभ होने वाले धान खरीदी प्रभावित हो सकती है।