महासमुन्द

सहकारी समिति कर्मचारी 4 से बेमुद्दत हड़ताल पर
03-Nov-2024 4:05 PM
सहकारी समिति कर्मचारी 4 से बेमुद्दत हड़ताल पर

तीन सूत्रीय मांगों को लेकर संभाग स्तर पर हड़ताल में शामिल होंगे कर्मचारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 नवंबर।
आगामी कुछ ही दिनों के बाद शासन के द्वारा समर्थन मूल्य पर किसानों से धान खरीदी की जानी है और दूसरी ओर सहकारी समिति के कर्मचारियों ने अपने विभिन्न मांगों को लेकर 4 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान कर दिया है। यदि जल्द ही शासन व कर्मचारियों के बीच मांगों पर सहमति नहीं बनी तो धान खरीदी भी प्रभावित होने की संभावना बन सकती है। राज्य शासन के द्वारा प्रदेश भर में 14 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ करने की तैयारी की जा रही है और दूसरी ओर छत्तीसगढ़ सहकारी समिति कर्मचारी महासंघ के आव्हान पर प्रदेशभर की सहकारी समिति के हजारों कर्मचारियों ने अपने 3 सूत्रीय मांगों को लेकर शासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। 

कर्मचारियों ने मध्यप्रदेश की तर्ज पर छत्तीसगढ़ में भी प्रत्येक समिति को प्रति वर्ष 3-3 लाख रुपए प्रबंधकीय अनुदान राशि प्रदान करने, सेवानियम 2018 में आंशिक संशोधन करते हुए पुनरीक्षित वेतनमान लागू करने और समर्थन मूल्य पर धान खरीदी वर्ष 2023.24 में धान संग्रहण के बाद हुई संपूर्ण सूखत को मान्य करते हुए आगामी वर्ष के लिए धान खरीदी नीति में 16.9 फीसदी सूखत मान्य करने की मांग की है। उक्त मांगों को लेकर प्रदेश के सहकारी समितियों के सभी कर्मचारी अपने कार्यालय, उपभोक्ता दुकान सहित समस्त ऑनलाईन, ऑफलाईन कार्यों को बंद रखकर संभाग स्तर पर निर्धारित स्थानों में हड़ताल में शामिल होंगे।
 


अन्य पोस्ट