महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 नवंबर। जिले के ग्राम परधिया सरायपाली में स्थित विद्युत सब स्टेशन से निकलने वाली 11 के व्ही विद्युत लाईन के नीचे निर्माणाधीन पीएम आवास भवन के दीवाल में पाईप से पानी डाल रहे 60 वर्षीय बुजुर्ग आदिवासी का सिर 11 के व्ही विद्युत लाईन से टकरा जाने से मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि आदिवासी पीएम आवास हितग्राही की मौत के लिए विद्युत विभाग के अधिकारी कर्मचारी जिम्मेदार हैं। फिलहाल बसना पुलिस परिजनों की रिपोर्ट पर मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में जुटी है। मृतक के पुत्र देवसिंह पारेश्वर ने बताया कि उनके पिता ने विद्युत विभाग के अधिकारी कर्मचारियों को बताया था कि बस्ती में हमारा छोटा सा घर है और उसमें तीन लडक़े हैं। अब विद्युत सब स्टेशन के पास उनकी निजी जमीन में घर बनाना है। उनकी निजी जमीन से होते हुए 11 केवी विद्युत लाइन गई हुई है। मकान बनाना है इसलिए 11 के व्ही विद्युत लाईन को हटाने या ऊपर उठाने से ही उनका मकान बनेगा।
मृतक के पुत्र का कहना है कि अधिकारी कर्मचारियों ने 11 के व्ही लाईन को ऊंचा करने की बात कही थी। पीएम आवास निर्माण के लिए शासन से दबाव के कारण शीघ्रता से भवन निर्माण कार्य चल रहा था। लेकिन विद्युत विभाग द्वारा लाइन को ऊंचा करने ध्यान नहीं दिया जा रहा था। जब प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण आदिवासी बुजुर्ग ठंडा राम पारेश्वर पिता भारत पारेश्वर जाति गोंड़ को प्रधानमंत्री आवास निर्माण हेतु द्वितीय किस्त की राशि प्राप्त हुई। तब पुन: विद्युत विभाग के अधिकारी कर्मचारियों को 11 केवी विद्युत लाइन को हटाने या ऊपर उठाने का अनुरोध किया। लेकिन पहले की तरह विद्युत विभाग के अधिकारी कर्मचारी टस से मस नहीं हुए और न हीं ठंडा राम की निजी जमीन से विद्युत लाइन को 11 केवी विद्युत लाइन को हटाया और ना ही ऊपर उठाया। जिसके कारण एक आदिवासी 60 वर्षीय बुजुर्ग को अपनी जान गंवानी पड़ी।
बताया कि घटना के वक्त अपनी निजी जमीन से गुजरे 11 केवी विद्युत लाइन के नीचे वह प्रधानमंत्री आवास का निर्माण कर रहा था टॉप लेवल लेंटर करने योग्य दीवाल खड़ी हो चुकी थी और दीवाल की मजबूती के लिए प्रतिदिन की तरह वह दीवाल में पानी डाल रहा था।
इस दौरान उन्हें याद नहीं रहा कि दीवाल ऊपर 11 केवी विद्युत लाइन है। ध्यान भटकने से विद्युत लाइन से ठंडा राम और ईश्वर का सिर विद्युत प्रवाह होते हुए लाइन से टकरा गया। जिससे उसकी मौत हो गई।