महासमुन्द

प्रदेशवासियों का भाजपा सरकार से भरोसा उठा-विनोद चंद्राकर
27-Oct-2024 3:56 PM
प्रदेशवासियों का भाजपा सरकार से भरोसा उठा-विनोद चंद्राकर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27अक्टूबर।
छत्तीसगढ़ की जनता अब समझ चुकीहै कि उनके किसी भी समस्या का समाधान भाजपा राज में नहीं हो पाएगा। इसलिए किसी ग्राम के ग्रामीण एकजुट होकर स्वयं सडक़ बना रहे हैं, तो कोई राशि एकत्र कर स्कूल के लिए शिक्षक की व्यवस्था कर रहे हैं। उक्त वक्तव्य पूर्व संसदीय सचिव विनोद सेवन लाल चंद्राकर ने सडक़ों की दुर्दशा तथा स्कूलों में शिक्षकों की कमी को लेकर व्यक्त की। 

श्री चंद्राकर ने जारी विज्ञप्ति में कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले शिक्षा मंत्री अब सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने मीडिया के समक्ष बुलंद आवाज में कहा था कि छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार 33 हजार शिक्षकों की भर्ती करने जा रही है. जिसमें प्रदेश के बी एडए डी एड डिग्री धारी युवाओं को भर्ती किया जाएगा। 

उन्होंने प्रदेश के युवाओं को आश्वस्त किया था कि सरकार द्वारा शीघ्र भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। लेकिन उनके कथन को 5 माह बीत गए, उन्हीं के सरकार ने श्री अग्रवाल को झूठा साबित कर दिया। प्रदेश में सरकार बने लगभग साल पूरे होने को है। संसदीय चुनाव भी 5 माह बीत गए। श्री अग्रवाल के बातों पर विश्वास कर प्रदेश के बेरोजगार युवाओं ने भाजपा को संसदीय चुनाव में खुले दिल से सपोर्ट किया। पूरे छत्तीसगढ़ में प्रदेश की जनता ने भाजपा को 10 सांसद दिए। लेकिन 33 हजार तो दूर 33 शिक्षक ही इस सरकार ने भर्ती नहीं की।

पूर्व संसदीय सचिव श्री चंद्राकर ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गरीब वर्ग के बच्चों को गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा देने हिंदी व अंग्रेजी माध्यम की बेहतर पढ़ाई के लिए प्रदेश में स्वामी आत्मानंद जी के नाम पर स्कूलों की शुरुआत की। श्री बघेल का सोच था कि गरीब से गरीब परिवार के बच्चों को अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा मिले। जिसका परिणाम यह रहा कि गत शिक्षा सत्र का नतीजों में स्वामी आत्मानंद स्कूलों के बच्चों का परिणाम पूरे प्रदेश में सर्वश्रेष्ठ रहा। लेकिन भाजपा की सरकार आते ही स्वामी आत्मानंद के नाम पर संचालित इन स्कूलों को दुर्भावना वश कमजोर करने की कवायद शुरू कर दी गई। जिसका स्पष्ट उदाहरण महासमुंद जिले के सीमावर्ती ग्राम कोमाखान है। जहां संचालित स्वामी आत्मानंद हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में चालू शिक्षा सत्र से विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की भारी कमी है। यहां के ग्रामीण भाजपा के मुख्यमंत्रीए उप मुख्यमंत्री, सांसद, कलेक्टर, एसडीएम, जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन आवेदन दे देकर थक गए लेकिन कोई पहल नहीं की गई। अंत में बच्चों का भविष्य अंधकार मय होता देख क्षेत्र के पालक अब स्वयं राशि एकत्र कर मानसेवी शिक्षक नियुक्त करने की तैयारी कर चुके हैं। कोमाखान स्कूल में एक हजार बच्चे अध्ययन रत हैं। क्षेत्र के पालकों द्वारा लिए गए निर्णय से चहूंओर सरकार की थू थू हो रही है। इसके अलावा पूरे प्रदेश सहित जिले के सडक़ों का हाल किसी से छिपी नहीं है। महासमुंद जिले के पिथौरा ब्लॉक के कुरकुटी से बलौदा बाजार जिले के बया गांव तक सडक़ अत्यंत जर्जर अवस्था में था। कई महीनों से दोनों जिले के ग्रामीण अपने अपने जिला स्तरीय अधिकारियों को ज्ञापन आवेदन देते रहे कि सडक़ की मरम्मत कराई जाए। लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। अंत में दोनों ग्रामों के लोगों ने संयुक्त रूप से आर्थिक व पारिश्रमिक सहयोग कर स्वयं श्रमदान कर सडक़ मरम्मत का कार्य कर किया। जो सरकार के लिए शर्म की बात है।


अन्य पोस्ट