महासमुन्द

जमीनी स्तर पर नशा के विरुद्ध काम करें अफसर
24-Oct-2024 2:34 PM
जमीनी स्तर पर नशा के विरुद्ध काम करें अफसर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 24 अक्टूबर।
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने समय.सीमा की बैठक के दौरान नशामुक्त भारत अभियान के तहत नशा मुक्ति के संबंध में  विभागों से गत माह में किए गए कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने गठित समिति के सदस्यों को नशामुक्त भारत अभियान के तहत सघन रूप से व्यापक अभियान चलाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ एस. आलोक, वनमंडलाधिकारी पंकज राजपूत सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।

बैठक में कलेक्टर श्री लंगेह ने समाज कल्याण विभाग को कहा कि वे शासकीय विद्यालयों और महाविद्यालयों में कक्षा 6 से 12 तक एक-एक मास्टर वालंटियर नियुक्त करें। इसके अलावा, विद्यालय या महाविद्यालय स्तर पर एक शिक्षक को समिति में शामिल किया जाए। उन्होंने जमीनी स्तर पर नशा के विरुद्ध कार्य करने के निर्देश दिए।   

कलेक्टर ने युवाओं, बच्चों, शैक्षणिक संस्थानों, महिलाओं और जन समुदाय की भागीदारी के साथ मादक द्रव्यों के सेवन की रोकथाम के लिए कार्य योजना बनाने निर्देशित किया। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ते मादक द्रव्यों के सेवन की रोकथाम के लिए हॉटस्पॉट का चिन्हांकन कर  लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। 

उन्होंने कहा कि स्कूल व कॉलेजों में निरंतर अभियान चलाए जाए व शिक्षकों द्वारा नशा मुक्ति पर विशेष प्रशिक्षण दिया जाए ताकि अधिक से अधिक युवाओं को मादक द्रव्यों के सेवन से होने वाले नुकसान के बारे में जागरूक कर उन्हें रोका जा सके। 

उन्होंने स्कूल और कॉलेजों के 100 मीटर के दायरे में नशीली पदार्थों के विक्रेताओं को हटाने के लिए तथा पुलिस विभाग एवं आबकारी विभाग के साथ आपसी समन्वय से अवैध तरीके से हो रहे नशे के व्यवसाय पर सख्त से सख्त कार्रवाई हुए इस पर पूर्ण विराम लगाए जाने की दिशा में  कार्य करने कहा। कहा कि इस अभियान का उद्देश्य स्कूल, जिले, राज्य और देश स्तर पर नशा मुक्ति की शुरुआत करना है।


अन्य पोस्ट