महासमुन्द

कस्टम मिलिंग का चावल जमा नहीं, दो राइस मिलरों का नाम काली सूची में
19-Oct-2024 2:29 PM
कस्टम मिलिंग का चावल जमा नहीं, दो राइस मिलरों का नाम काली सूची में

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 19 अक्टूबर।
खरीफ वर्ष 2023.24 में मेसर्स जय चण्डी एग्रोटेक राइस मिल तहसील बागबाहरा महासमुंद के संचालक के द्वारा कस्टम मिलिंग का चावल जमा नहीं किया गया। जिसके संबंध में  कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देश पर राइस मिल का भौतिक सत्यापन खाद्य विभाग के अधिकारियों द्वारा किये जाने पर 124 विंवटल शासकीय धान कम पाये जाने के पर प्रकरण दर्ज कर कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। 

न्यायालय कलेक्टर महासमुंद ने राइस मिल मेसर्स जय चंडी एग्रोटेक बागबाहरा संचालक बजरंग अग्रवाल द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2023.24 में कस्टम मिलिंग के लिए धान का उठाव करने हेतु छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ महासमुंद में मिलर द्वारा जमा किये गये बैंक गारण्टी से 124 क्विंटल धान की एवज में राशि तीन लाख दस हजार जिला विपणन अधिकारी, जिला महासमुंद के द्वारा तत्काल वसूली की कार्रवाई किये जाने के निर्देश दिये हैं। 

वहीं छत्तीसगढ़ कस्टम मिलिंग चावल उपार्जन आदेश 2016 के तहत् कार्रवाई करते हुए फर्म मेसर्स जय चंडी एग्रोटेक बागबाहरा संचालक बजरंग अग्रवाल को आगामी एक खरीफ वर्ष के लिये शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर उपार्जित धान के कस्टम मिलिंग के कार्य के लिये मिल का पंजीयन नहीं करने हेतु काली सूची में दर्ज किया गया है।

विभागीय जानकारी अनुसार खरीफ वर्ष 2023-24 में मेसर्स लक्ष्मी राइस इण्डस्ट्रीज तहसील बागबाहरा जिला महासमुंद के संचालक के द्वारा कस्टम मिलिंग का चावल जमा नहीं किया गया जिसके संबंध में कलेक्टर श्री लंगेह के निर्देश पर राइस मिल का भौतिक सत्यापन खाद्य विभाग एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों द्वारा किये जाने पर 1681-60 क्विंटल शासकीय धान कम पाये जाने पर प्रकरण दर्ज कर कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। 

न्यायालय कलेक्टर महासमुंद द्वारा राइस मिल मेसर्स लक्ष्मी राइस इण्डस्ट्रीज तहसील बागबाहरा संचालक दिनेश कुमार गुप्ता द्वारा खरीफ वर्ष 2023-24 में कस्टम मिलिंग के लिए धान का उठाव करने हेतु छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ महासमुंद में मिलर द्वारा जमा किये गये बैंक गारण्टी से 1681.60 क्विंटल धान की एवज में राशि बयालिस लाख चार हजार रुपए जिला विपणन अधिकारी, जिला महासमुंद के द्वारा तत्काल वसूली की कार्रवाई किये जाने के निर्देश दिया गया है तथा छत्तीसगढ़ कस्टम मिलिंग चावल उपार्जन आदेश 2016 के तहत कार्रवाई करते हुए फर्म मेसर्स लक्ष्मी राइस इण्डस्ट्रीज संचालक दिनेश कुमार गुप्ता को आगामी एक खरीफ वर्ष के लिये शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर उपार्जित धान के कस्टम मिलिं मिलिंग के कार्य के लिये मिल का पंजीयन नहीं करने हेतु काली सूची में दर्ज किया गया है।
 


अन्य पोस्ट