महासमुन्द

रात फड़ में पुलिस को देख तीन जुआरी तालाब में कूदे, दो बच निकले, तीसरे की लाश मिली, सात पकड़ाए
18-Oct-2024 2:21 PM
रात फड़ में पुलिस को देख तीन जुआरी तालाब में कूदे, दो बच निकले, तीसरे की लाश मिली, सात पकड़ाए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,18 अक्टूबर।
महासमुंद शहर से करीब 5 किमी दूर ग्राम खरोरा में सडक़ किनारे स्थित तालाब में पुलिस ने बुधवार की रात जुआ फड़ में दबिश देकर 7 जुआरियों को पकड़ा और फ ड़ से नगद 25 हजार 400 रुपए जब्त किया है। इसी दौरान तीन जुआरी पुलिस को देखकर तालाब में कूद गये। इनमें से दो  किसी तरह बाहर निकले और एक का शव गुरुवार सुबह तालाब में तैरते मिला।  पुलिस को लगा था कि दो आरोपियों के साथ तीसरा भी तालाब से बाहर आया होगा। अत: रात होने के कारण पुलिस ने तालाब में खोजबीन नहीं की। 

ज्ञात हो कि खरोरा तालाब किनारे बीते कई दिनों से रात में जुआरियों की महफिल लगती थी। जहां फड़ में खरोरा के अलावा आसपास गांव से बड़ी संख्या में जुआ खेलने लोग पहुंचते थे। बुधवार रात करीब 1.30 बजे पुलिस की टीम तालाब में पहुंची थी। इसके बाद पुलिस ने जुआरी को दौड़ाया तो इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान पुलिस से बचने के लिए 3 लोग तालाब में कूद गए। जहां धनेश्वर यादव खरोरा की तालाब के पानी में डूबने से मौत हो गई। वहीं दो युवक किसी तरह तालाब से निकलकर घर चले गए। बच गए दोनों युवक डर से कांप रहे थे।  
दूसरे दिन सुबह युवक की लाश तैरते मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस की टीम ने शव को तालाब से बाहर निकाला। पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। जहां पीएम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मर्ग कायम कर विवेचना कर रही है।

मृतक के भाई रवि यादव ने बताया कि धनेश्वर यादव को तैरना नहीं आता था। मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आई है।
 इस मामले में एसपी आशुतोष सिंह ने बताया कि छापामार कार्रवाई में 7 जुआरी पकड़े गए हैं। कार्रवाई के दौरान कुछ लोग तालाब में कूद गए। अंधेरा होने के कारण पुलिस को लगा कि आरोपी भाग गए हैं। प्रारंभिक जानकारी मिली है कि मृतक युवक नशे में था। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही इसकी पुष्टि होगी।

मालूम हो कि त्योहारी सीजन शुरू होते ही शहर के साथ गांव-गांव में जुआ शुरू हो गया है। पुलिस के द्वारा छापामार कार्रवाई की जा रही है। 
पुलिस का कहना है कि फड़ में अधिकांश जुआरी शराब पिये हुए थे। तालाब में तीन युवक कूदे थे। अधिकांश ने शराब सेवन किया हुआ था। इनमें से नशे की हालत में होने के कारण तालाब से नहीं निकल पाया और एक युवक की डूबने से मौत हो गई। वहीं परिजनों का कहना है कि युवक ने नशा नहीं किया था।

 


अन्य पोस्ट