महासमुन्द
इस समिति में 90 लाख का धान गायब हुआ था, जिस पर आदेश के बाद भी एफआईआर नहीं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,16 अक्टूबर। महासमुंद जिले के पिरदा सोसायटी के अंतर्गत सरकड़ा समिति के उपकेंद्र ग्राम टांगापासा में रकबा बढ़ाकर बीते वर्ष धान खरीदी कर शासन को लाखों रूपए का चूना लगाने का मामला सामने आया था। इस मामले में जन्मजय चौधरी केंद्र प्रभारी के विरूद्ध भौतिक सत्यापन के दौरान अनियमितता पाए जाने के 21 दिन बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। इस विषय को लेकर जिला सहकारी बैंक प्रबंधक शाखा पिरदा ने 26 सितंबर को पत्र में आर्थिक क्षति मानते हुए उपार्जन केंद्र प्रभारी जन्मजय चौधरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया था, लेकिन अब तक इसमें एफआईआर नहीं कराया जा सका है।
मामला यह है कि प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्या.सरकड़ा पं.क्र. 1225 के उपार्जन केंद्र टांगापासा में समर्थन मूल्य पर वर्ष 2023-24 में धान उपार्जन किया गया। उपार्जन केंद्र टांगापासा का भौतिक सत्यापन शाखा प्रबंधक जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्या. रायपुर शाखा भंवरपुर एवं राधेश्याम भोई पर्यवेक्षक, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्या.रायपुर शाखा पिरदा द्वारा 70158 क्विंटल धानमें से 67240.35 क्विंटल का परिवहन किया गया।
संयुक्त भौतिक सत्यापन प्रतिवेदन के अनुसार धान उपार्जन केंद्र टांगापासा में 868 कृषकों से कुल धान खरीदी 70158.00 क्विंटल के विरूद्ध 67240.35 क्विंटल का परिवहन हुआ है तथा 2917.65 क्विंटल धान परिवहन हेतु शेष दिख रहा है। लेकिन धान उपार्जन केंद्र टांगापासा में भौतिक रूप से धान उपलब्ध नहीं है।
उपार्जन केंद्र प्रभारी जन्मजय चौधरी पर घोर अनियमितताकर संस्था को 2917.65 क्विंटल धान की कमी से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की राशि 63 लाख, 69 हजार, 229.95 रुपए एवं कृषक उन्नाति योजना की राशि 26 लाख, 75 हजार, 485.05 कुल राशि 90 लाक, 44 हजार, 715.00 रुपए शासन को नुकसान पहुंचाने का आरोप है।
इस मामले को लेकर उपायुक्त सहकारिता एवं उप पंजीयक संस्थाएं द्वारा पिरदा शाखा प्रबंधक सहकारी बैंक को 29 सितंबर को पत्र क्रमांक 797 में एफआईआर कराने के निर्देश दिये थे। लेकिन उपायुक्त के आदेश के बाद भी आज तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। इस संबंध में पिरदा शाखा प्रबंधक आरएस भोई से संपर्क करने का प्रयास किया गया पाया। लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका है।