महासमुन्द

दस दिनों से बारिश नहीं, खेतों में दरारें शुरू, किसान चिंतित
21-Aug-2024 2:51 PM
दस दिनों से बारिश नहीं, खेतों में दरारें शुरू, किसान चिंतित

कई गांवों में खेत सूखे, सिंचाई साधन वाले खेतों में ही हरियाली 

जलाशयों से पानी छोडऩे की मांग हो रही

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 21 अगस्त।
बीते दस दिनों से बारिश नहीं होने से धान के फसल को नुकसान की संभावना बलवती हो रही है। खेतों में दरारें शुरू हो चुकी हैं। किसान चिंता में हैं और जलाशयों से पानी छोडऩे की मांग कर रहे हैं। जिला मुख्यालय सहित आसपास के खेतों में स्थिति काफी चिंताजनक है। हर सुबह आसमान में बदली छाई रहती है और देखते ही देखते धूप निकल आती है। दोपहर तेज धूप से फसल झुलसने लगी हैं।  किसानों का कहना है कि यदि 4-5 दिन में बारिश नहीं हुई तो अकाल की स्थिति निर्मित हो सकती है। 

मालूम हो कि जिले में इस साल खंड बारिश है। कहीं पर पानी बरसता है, तो कहीं पर सूखा रहता है। इससे खेती बहुत प्रभावित है। पानी के अभाव में खेतों की हरियाली गायब हो रही है। धान के पौधे पीले नजर आने लगे हैं। बागबाहरा, पिथौरा, सरायपाली और बसना प्राय: सभी ब्लाकों में खेतों की स्थिति खराब है।

जिले में कई गांवों में खेत सूख गए हैं। केवल सिंचाई साधन वाले खेतों में ही हरियाली है। बारिश नहीं होने से फसल बर्बादी के करीब है। उमस तथा तेज धूप से जनजीवन खासा प्रभावित है। उमस की वजह से फसल में कीट प्रकोप, बीमारी की आशंका व्यक्त की जा रही है। वहीं लोग गर्मी व उमस से राहत पाने कूलर पंखा का सहारा ले रहे हैं। 

कल ही कोडार जलाशय से सिंचाई हेतु पानी छोडऩे की मांग को लेकर पूर्व जनपद सदस्य एवं सांसद प्रतिनिधि योगेश्वर चन्द्राकर ने कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के अवकाश पर होने के कारण प्रभारी कलेक्टर एवं जिला सीईओ एस.आलोक से मुलाकात की। उन्होंने 2 दिन के अन्दर पानी नहीं छोडऩे की स्थिति में किसानों द्वारा आंदोलन किए जाने की बात कही है। वहीं सीईओ ने जलाशय में मात्र 40 प्रतिशत पानी होने की बात कहते हुए अपनी दुविधा जाहिर की है। वहीं 2 दिनों के भीतर कोडार जलाशय से पानी उपलब्ध कराने का आश्वासन प्रभारी कलेक्टर एवं जल संसाधन श्री खरे ने दी है। 

गौरतलब है कि जिले भर में हो रही खण्ड और अल्प वर्षा के कारण कृषि कार्य न केवल बाधित है अपितु पानी की कमी के कारण धान के पौधे का बढऩा भी बाधित हो गया है। ऐसे में शीघ्र ही यदि पानी की व्यवस्था सुनिश्चित नहीं की जाती है, तो निश्चित ही किसानों को बड़ी नुकसान की संभावना है। ऐसे में जनप्रतिनिधियों और किसानों ने फ सल की स्थिति को देखते हुए शीघ्र ही खेतों में पानी देने मांग की है। किसानों ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय अंतराल में पानी की व्यवस्था नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। जिसकी पूरी जवाबदारी शासन प्रशासन की होगी। 

बहरहाल तेज धूप से धान की फसल झुलस रही है। उमस से लोग बेचैन हैं। शहर के अधिकांश नालों में पानी कम आ रहा है। गर्मी के मौसम जैसे हालात हैं। तालाबों और जलाशयों में जल भराव कम है। जिले के 53 लघु जलाशयों में पांच से 20 प्रतिशत तक ही जल भराव हुआ है। जल संसाधन विभाग के अनुसार कोडार जलाशय में आज की स्थिति में 40 फ ीट मात्र जल भराव है।


अन्य पोस्ट