महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,17 अगस्त। महासमुंद जिले की बसना थाना पुलिस ने ट्रैक्टर चोरी मामले में 2 अन्तरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से ट्रैक्टर वाहन कीमती 3 लाख रुपए बरामद हुआ है। यह सायबर सेल एवं थाना बसना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई है।
पुलिस के अनुसार 11 अगस्त को प्रार्थी गणेश राम साव ग्राम छोटेढाबा थाना बसना जिला महासमुंद ने थाना बसना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके नाम से एक जॉन डियर ट्रेक्टर वाहन जो साल 2020 में खरीदा था, चोरी चली गई। उक्त वाहन को कृषि कार्य के पश्चात हरेली त्यौहार होने से ट्रैक्टर की साफ सफाई कर घर के सामने नांगर सहित खड़ा किया था। 10 अगस्त की रात्रि करीबन 01 बजे घर के बाहर निकलकर देखा तो ट्रैक्टर खड़ा था। बाद सुबह करीबन 05 बजे देखा तो उक्त ट्रेक्टर घर के सामने नहीं था। आस पड़ोस के लोगों से पूछताछ किया, कहीं पता नहीं चला। कोई अज्ञात चोर ट्रैक्टर वाहन कीमती करीबन 3 लाख रुपए को नांगर सहित चोरी कर ले गया है।
प्रार्थियों की रिपोर्ट पर अपराध धारा कायम कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान संदिग्ध व्यक्ति गतिकृष्ण साहू निवासी बंदेपदर ओडिशा को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ किया गया। पूछताछ में उन्होंने चोरी करना स्वीकार किया तथा चोरी के ट्रैक्टर को मित्रभानू मेहर निवासी तामीपदर ओडिशा को बेच देना बताया। पुलिस की टीम ने उक्त आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए जॉन डियर ट्रेक्टर वाहन पुरानी इस्तेमाली कीमती करीबन 3 लाख रुपए को जब्त कर अपराध धारा के तहत कार्रवाई कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय पेश किया। वहां से दोनों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार इस मामले में अन्य दो आरोपी फरार हंै।